7 Mar 2026, Sat

CM की भेंट मुलाकात आज सोनाखान में : बिलाईगढ़ विधानसभा के ग्रामीणों से संवाद कर जानेंगे सरकारी योजनाओं की हकीकत, विकास कार्यों की देंगे सौगात

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 20 दिसंबर 2022

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान की अगली कड़ी में 20 दिसंबर को नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखण्ड कसडोल के ग्राम सोनाखान में बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जिले में 38 करोड़ 7 लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे। इनमें 11 करोड़ 68 लाख रूपए की लागत के 53 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 26 करोड़ 39 लाख रूपए की लागत के 7 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजनों से संपर्क और संवाद के साथ भेंट-मुलाकात करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। वहीं आमजनता की समस्याओं पर उनसे सीधे बातचीत करेंगे साथ ही विभिन्न संगठनों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानेंगे। गौरतलब है कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजनता को प्रदेश के मुखिया से सीधे बातचीत करने का अवसर मिलता है।

निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोनाखान के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 12.05 बजे पहुंचेंगे और भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सोनाखान हेलीपेड से दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर सरसींवा पहुंचेंगे, जहां वे दोपहर 3 बजे से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री सरसींवा हेलीपेड से शाम 4.35 बजे हेलीकॉप्टर से पवनी जाएंगे। इसके बाद वे बिलाईगढ़ में शाम 6 बजे से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भेंट करने के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

सोनाखान में ओपन एयर म्यूजियम तैयार, मुख्यमंत्री करेंगे 20 दिसम्बर को शुभारंभ

पढ़ें   CM विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले में 217 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, बोले-"डबल इंजन की सरकार बनने से केन्द्र सरकार से छत्तीसगढ़ को मिल रहा भरपूर समर्थन"

शहीद वीर नारायण सिंह की जन्म एवं कर्म स्थली को उनके गौरव के अनुरूप विकसित करने के लिए जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा सोनाखान में भव्य ओपन एयर म्यूजियम का निर्माण किया गया है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 20 दिसम्बर को करेंगे। इसके अलावा वे बलौदाबाजार-भाटापारा टूरिज्म सर्किट का भी शुभारंभ करेंगे।

सोनाखान में अपनी तरह का यह पहला म्यूजियम होगा, जहां ऑडियो- विजुअल सेटअप और एक विशेष धातु कॉर्टेन स्टील के माध्यम से शहीद वीर नारायण सिंह की जीवनी को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष तरह के कॉर्टेन स्टील का प्रयोग किया गया है। कॉर्टेन स्टील के बनें लम्बे और सुंदर पैनल्स पर शहीद वीर नारायण सिंह की जीवनी उकेरी गई है। जिसकी भव्यता दिन के साथ ही रात में भी देखी जा सकती है। लाइट के अद्भुत सेटअप इसे खास और अलग बनाते हैं। सभी पैनल एक ऑडियो सेटअप लगा हुआ है, जिसके माध्यम से शहीद वीर नारायण सिंह की जन्म से लेकर क्रांति और बलिदान को सुना जा सकता है। यह ऑडियो हिंदी, अंग्रेज़ी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध है। यहां आने वाले लोग अपनी पसंद मुताबिक ऑडियो की भाषा तय कर सकते हैं।

देश में कॉर्टेन स्टील का उपयोग विभिन्न महान परियोजनाओं में कलाकृतियां बनाने के लिए किया जा चुका है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बिहार म्यूज़ियम और कई देशों के प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट में इसका उपयोग किया गया है। यहां पार्किंग और केंटिन की भी व्यवस्था रहेगी। केंटिन की व्यवस्था स्व-सहायता समूह के द्वारा संचालित की जाएगी। इसके साथ ही यहां आने वाले लोगों को म्यूजियम में प्रवेश सशुल्क रहेगा। इस नवाचार से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को भी रोजगार उपलब्ध होगा।

Share