7 Mar 2026, Sat

KKR vs CSK: अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे के तूफान में उड़ी नाइटराइडर्स, सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर जीती सीएसके

कोलकाता:आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का दमदार प्रदर्शन जारी है। कोलकाता नाइटराइडर्स को ईडन गार्डन्स पर 49 रनों से हराकर चेन्नई की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे के अर्धशतक और दोनों के बीच तेजतर्रार अर्धशतकीय साझेदारी से चेन्नई ने चार विकेट पर 235 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने लगातार विकेट खोये। मध्यक्रम में उतरे जेसन रॉय ने जरूर 26 गेंद पर 61 रन बनाए लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे। 20 ओवर में टीम 8 विकेट पर 186 रन ही बना पाई। यह केकेआर की लगातार चौथी हार है।

रहाणे और दुबे ने गेंदबाजों का कूटा

इस सीजन अलग अंदाज में खेल रहे अजिंक्य रहाणे ने 29 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से नाबाद 71 रन की पारी खेलने के अलावा दुबे (21 गेंद में 50 रन, दो चौके, पांच छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंद में 85 रन की साझेदारी की। इससे टीम ईडन गार्डन्स पर टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इन दोनों की पारियों की बदौलत टीम ने अंतिम आठ ओवर में 126 रन जुटाए। इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे (56) ने भी अर्धशतक जड़ा

कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा ने टॉस जीतकर सुपरकिंग्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद कॉन्वे और गायकवाड़ (35) ने 7.3 ओवर में 73 रन जोड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। गायकवाड़ ने सुनील नारायण का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन सुयश शर्मा की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और तीन छक्के मारे। कॉन्वे ने नारायण पर छक्के और सुयश पर एक रन के साथ 34 गेंद में लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया।

पढ़ें   खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान में 24 नवंबर से 5 दिसम्बर तक; केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया बोले : "KIUG गौरव की दिशा में पहला कदम है"

अजिंक्य रहाणे एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। उन्होंने सुयश के लगातार ओवरों में चौके मारे। टीम के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन अगले ओवर में कॉन्वे वरूण चक्रवर्ती की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर वाइसी को कैच दे बैठे। शिवम दुबे ने 13वें ओवर की अंतिम दो गेंद पर चक्रवर्ती पर छक्के मारे जबकि उमेश के अगले ओवर की शुरुआती तीन गेंद पर रहाणे ने दो छक्के और एक चौका जड़ा। दुबे ने वाइसी की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया

रहाणे ने आंद्रे रसेल की गेंद पर चौके के साथ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि दुबे ने खेजरोलिया पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। दुबे हालांकि खेजरोलिया की अगली गेंद पर एक और छक्का जड़ने की कोशिश में जेसन रॉय को कैच दे बैठे। रहाणे ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 19वें ओवर में चक्रवर्ती की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा रविंद्र जडेजा (18) ने अंतिम ओवर में खेजरोलिया पर दो छक्के मारे लेकिन फिर पवेलियन लौट गए। खेजरोलिया (44 रन पर दो विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.