तेंदूपत्ता फड़ में बिजली गिरने से एक की मौत: दो बच्चों, सात महिलाएं सहित 20 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़

प्रमोद मिश्रा, बीजापुर, 8 मई 2023

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में रविवार शाम तेंदूपत्ता फड़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चों सहित सात महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में चार घंटे का समय लग गया। ये सभी लोग तेंदूपत्ता बेचने के लिए पहुंचे थे। मामला बासागुड़ा थाना क्षेत्र का है।

बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली
जानकारी के मुताबिक, बासागुड़ा से करीब 15 किमी दूर पोलमपल्ली गांव में तेंदूपत्ता बेचने के लिए रविवार को ग्रामीण पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब बजे मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। तभी तेज आवाज के साथ वहां बिजली गिर पड़ी। थोड़ी देर में जब स्थिति सामान्य हुई तो आसपास के लोगों ने देखा कि कई ग्रामीण जमीन पर पड़े हुए हैं। बिजली की चपेट में आकर माड़वी देवा (22) गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिलाओं और बच्चों सहित 20 अन्य ग्रामीण भी झुलस गए थे।

 

 

तीन घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन करीब 15 किमी दूर थाना होने से पहुंचने में देर लगी। इस बीच लोगों ने अपने वाहनों ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया। थोड़ी देर में पुलिस और एंबुलेंस भी पहुंच गई। तीन गंभीर घायलों को पुलिस अपनी गाड़ी में लेकर जिला अस्पताल पहुंची। बाकी सभी घायलों का इलाज बासागुड़ा स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पोलमपल्ली गांव नक्सली क्षेत्र माना जाता है। बासागुड़ा स्वास्थ्य केंद्र से दूर होने के कारण घायलों को अस्पताल लाने में विलंब हुआ।

नक्सली क्षेत्र होने के कारण आवागमन के साधन नहीं
स्वास्थ्य केंद्र के डा. तरुण गोटा ने बताया कि घायल ग्रामीणों को अस्पताल तक लाने में रात के करीब 10 बजे गए थे। पोलमपल्ली सुदूरवर्ती गांव है। गांव में आवागमन के साधन नही है, फिर भी निजी और एंबुलेंस वाहन से पीड़ितों को लाया गया। तीन गंभीर पीड़ित को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर भेजा गया है। युवक का शव पोस्टमार्ट के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। बीजापुर जिले में शनिवार से तेंदूपत्ता तोडा़ई का काम चल रहा है। मौसम के उतार चढ़ाव से ग्रामीणों में पहले से ही संशय की स्थिति बनी हुई है।

Share
पढ़ें   बच्चों के संपूर्ण इलाज की व्यवस्था : महाशिवरात्रि के शुभ दिन से ग्लोबल स्टार सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की होगी शुरुआत, मरीजों के उपचार की विशेष सुविधा, पढ़ें हॉस्पिटल की विशेषताएं