12 Mar 2026, Thu
Breaking

BJP प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का बड़ा ऐलान : अनियमित कर्मचारियों के मांगों को BJP घोषणा पत्र में करेगी शामिल, सरकार बनने पर वादा पूरा करेगी BJP

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 14 जुलाई 2023

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने ऐलान किया है कि भाजपा संविदा,अनियमित,दैनिक वेतन भोगी व अन्य प्रकार के अस्थाई कर्मचारियों की मांग को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी और सरकार बनते ही भाजपा अपना वादा पूरा करेगी। भाजपा जो कहती है, वह करके भी दिखाती है। अरुण साव ने प्रदेश महामंत्री त्रय ओ.पी. चौधरी, विजय शर्मा और केदार कश्यप सहित भाजपा नेताओं के साथ शुक्रवार को सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनरतले तूता में आंदोलित कर्मचारियों से आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना पूरा समर्थन दिया और उन्हें विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार बनते ही कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगें पूरी की जाएंगीं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धूप, गर्मी, ऊमस और बारिश के बावजूद अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे कर्मचारियों के हजारों परिवार की चिंता करने के बजाय प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक खानदान, एक परिवार की सेवा-चाकरी और चिंता कर रहे हैं। अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस ने अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि सत्ता में आते ही 10 दिन में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा, लेकिन सरकार वादा पूरा करने में टाल-मटोल करती रही, बहानेबाजी करती रही। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी करके हजारों कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य किया है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के साथ-साथ कर्मचारियों को भी बार-बार धोखा दिया है। श्री साव ने कहा कि कर्मचारियों के साथ ही पूरे प्रदेश ने अब वादाखिलाफी करने वाली सरकार को सबक सिखाने का निश्चय कर लिया है। अरुण साव ने आश्वस्त किया कि लाखो कर्मचारियों का दु:ख-दर्द भाजपा परिवार का दु:ख-दर्द है। प्रदेश के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की कोई फिक्र नहीं है। अब इस प्रदेश सरकार का हिसाब नवम्बर में चुकता करने का मौका कर्मचारियों को मिल रहा है। ऐसी तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकें और आज से लाखो कर्मचारी अपने भविष्य की चिंता छोड़ दे, उनकी चिंता अब भाजपा करेगी। श्री साव ने कहा कि कर्मचारियों के संघर्ष में भाजपा हर कदम पर कर्मचारियों के साथ खड़ी है।

पढ़ें   छत्तीसगढ़:अफसरशाही का एक और कारनामा, SDOP पर डैम का पानी चुराने का आरोप

इससे पूर्व कर्मचारियों को प्रदेश उपाध्यक्ष, भूपेंद्र सवन्नी,प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, विजय शर्मा, ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता का परिचय देने के लिए प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री रामू रोहरा ,अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष विकास मरकाम, , अमरजीत छाबड़ा आदि भी उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

You Missed