11 Mar 2026, Wed
Breaking

नेपाल पर जीत या ड्रा से भी भारत पहुंच जाएगा सुपर-4 में, कुछ ऐसा बन रहा है गणित; PAK से फिर भिड़ंत के आसार

प्रमोद मिश्रा, ०4 सितम्बर 2023

Asia cup: पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद भारत का सामना आज नेपाल से होगा. इस मैच में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम बड़ी जीत दर्ज करके एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर चार में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी. पाकिस्तान ग्रुप ए से पहले ही सुपर चार में जगह बना चुका है. उसके दो मैचों में तीन अंक हैं. पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द होने से भारत का एक अंक है. अगर आज होने वाला मैच भी बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो भारत दो अंकों के साथ सुपर चार में पहुंच जाएगा लेकिन रोहित शर्मा और उनके साथी निश्चित तौर पर इस तरह से आगे नहीं बढ़ना चाहेंगे.

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे, जिन्हें वह टूर्नामेंट में आगे भी जारी रखना चाहेगा. पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने भारत का शीर्ष क्रम थर्राकर एक समय उसका स्कोर 4 विकेट पर 66 रन कर दिया था. लेकिन अपने वनडे करियर में पहली बार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन जोड़कर भारत का स्कोर 266 रन तक पहुंचाया. किशन ने विशेषकर प्रभावशाली बल्लेबाजी की और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चलने के बाद एक छोर संभाले रखा.

किशन पांचवें नंबर पर चल पाएंगे या नहीं, इसको लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा था लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार रक्षात्मक और आक्रामक खेल का सुंदर नजारा पेश करके साबित किया कि वह मध्यक्रम में भी सफल हो सकते हैं. नेपाल (India Vs Nepal in Asia Cup Cricket Tournament 2023) का गेंदबाजी आक्रमण पाकिस्तान की तरह मजबूत नहीं है और ऐसे में किशन आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करके अपने नाम के आगे कुछ रन जोड़ना चाहेंगे. इसी तरह से पंड्या की अर्धशतकीय पारी से टीम प्रबंधन खुश होगा. उन्होंने पहले किशन के सहयोगी की भूमिका बखूबी निभाई और बाद में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की.

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के सामने भारत के चोटी के चार बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर नहीं चल पाए और टीम प्रबंधन चाहेगा कि यह चारों बल्लेबाज जल्द से जल्द खुद को वनडे क्रिकेट के अनुकूल ढाल दें. रोहित और कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में विश्राम दिया गया था जबकि अय्यर चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं. इन तीनों बल्लेबाजों के पास नेपाल के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने का मौका होगा.

Share
पढ़ें   “भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे…”: अमित शाह ने भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ जारी किया ‘आरोप पत्र’

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed