10 Mar 2026, Tue
Breaking

यहां जिंदगी का अंत हो चुका’: मोरक्को में छह दशकों के सबसे तेज भूकंप से पूरा गांव तबाह, हर तरफ मलबा ही मलबा

प्रमोद मिश्रा, 11 सितम्बर 2023

मोरक्को में छह दशकों के सबसे भीषण भूकंप के बाद हर तरफ तबाही के निशान बिखरे पड़े हैं। अस्पतालों के बाहर लाशों का ढेर पड़ा हुआ है। वहीं, विनाशकारी जलजले में जिंदा बच गए लोग मलबों में अपनों की जिंदगी तलाश रहे हैं। इस भूकंप में कई गांव मलबे का ढेर बन गए हैं। इनमें से एक गांव से महिला का शव निकाला गया है। उसके 25 वर्षीय मंगेतर उमर ऐत मबारेक ने अपनी लाल और आंसुओं से भरी आंखों के साथ खुदाई देखी
दरअसल, मोरक्को में शुक्रवार देर रात जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिस वक्त कंपन शुरू हुआ उस वक्त वह उससे फोन पर बात कर रहा था और उसने फोन कटने से पहले रसोई के बर्तनों के फर्श पर गिरने की आवाज सुनी। वह जानता था कि वह अब नहीं रही है।

उमर ने बताया कि उसकी कुछ ही हफ्तों में मीना ऐत बिही से शादी होने वाली थी। आज मेरे सामने मलबे से उसकी लाश निकाली गई है। मीना को एक कंबल में कब्रिस्तान में ले जाया गया, जहां पहले से ही 68 अन्य लोगों को दफनाया जा चुका है। बताया जा रहा है कि, मलबे को हटा रहे लोगों को मीना का फोन भी मिला, जिसे उमर को सौंप दिया गया।

एक हंसता खेलता तिख्त गांव भूकंप की भेंट चढ़ गया। इस गांव में कम से कम 100 परिवार रहते थे। यहां अब चारों ओर सिर्फ लकड़ियों, चिनाई के टुकड़े, टूटी हुई प्लेटें, फटे जूते और मिट्टी का ढेर दिख रहा है। यहां रहने वाले 33 वर्षीय मोहसिन अक्सुम ने कहा कि गांव मर चुका है। यहां जीवन समाप्त हो गया।

पारंपरिक रूप से बनाए गए घर

इस गांव में बड़ी संख्या में इमारतें पत्थर, लकड़ी और मिट्टी से बने मोर्टार के पारंपरिक मिश्रण से बनाई गई थीं। हंसते खेलते गांव में अब दूर दूर तक सिर्फ मातम पसरा हुआ है। आपदा में अपने परिवार के अधिकतर लोगों को खो देने वाले 23 वर्षीय छात्र अब्देलरहमान ने कहा कि लोगों ने यहां अपने घर बनाते समय ऐसी भयानक घटना के बारे में कभी नहीं सोचा था।

उसने बताया कि जब भूकंप के झटके आए उस वक्त वह रात के खाने के बाद टहलने के लिए बाहर गया था। उसने देखा कि लोग अपने ढहते घरों से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उसने अपने पिता को घर से बाहर निकाला, लेकिन उन्हें बहुत गंभीर चोटें आई थीं। इसलिए उनकी मौत हो गई।

गौरतलब है, मोरक्को में छह दशक के सबसे भीषण भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा 2,122 पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 1,293 मौतें अल हाउस प्रांत में हुई हैं। भूकंप में 2,059 लोग घायल हैं। इनमें से 1,404 की हालत गंभीर बताई गई है। भूकंप के कारण ऐतिहासिक शहर मराकेश व आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित दूरस्थ इलाकों में बचाव अभियान जारी है।

Share
पढ़ें   खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान में 24 नवंबर से 5 दिसम्बर तक; केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया बोले : "KIUG गौरव की दिशा में पहला कदम है"

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed