11 Mar 2026, Wed
Breaking

अमित शाह ने चुनावी अभियान का किया शंखनाद, बोले – पत्थर की लकीर है मोदी की गारंटी’, सभी 11 की 11 सीटों में कमल खिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी है

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 22 फ़रवरी 2024|भारतीय जनता पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुंकार भरी और कहा कि आने वाला चुनाव देश का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। आने वाला चुनाव देश को पूर्ण विकसित और भारत माता को विश्व गुरु बनाने के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। शाह ने कहा कि सन 2014 में 11 में से 10 सीटें भाजपा को आपने दी, 2019 में 11 में से 9 सीटें भाजपा को दी और विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई और एक नाकारा सरकार, जिसने न तो नक्सलवाद पर लगाम कसी और न ही छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ न्याय किया, उसे उखाड़ फेंका। शाह गुरुवार को जांजगीर-चाँपा में भाजपा की विजय महासंकल्प रैली में महती जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 10 साल में देश के 60 करोड़ गरीबों का कल्याण करने का काम किया है। इन 10 वर्षों में मोदी जी ने देश के 60 करोड़ गरीबों को घर में नल से जल देने का काम किया, छत्तीसगढ़ में 38 लाख से ज्यादा घरों में पीने का अपनी आजादी के 75 साल बाद पहली बार पहुंचा है। देश के 60 करोड़ लोगों को 5 लाख तक के उपचार का पूरा खर्चा मोदी सरकार उठा रही है। पूरे छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है, 10 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए गए, उसमें से 38 लाख शौचालय छत्तीसगढ़ में बने। 75 साल के बाद छत्तीसगढ़ की बहनों को शौचालय मिला। छत्तीसगढ़ के 2 करोड लोगों को 5 किलो अनाज प्रति व्यक्ति प्रतिमाह मुफ्त में मिलता है। मुफ्त में गरीब का चूल्हा जलाने का काम मोदी सरकार ने किया है। 36 लाख माताओं को गैस का सिलेंडर दिया,10 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिया और पूरे छत्तीसगढ़ में सभी लोगों को कोरोना का नि:शुल्क का टीका लगाया। देश के 130 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाकर भारत और छत्तीसगढ़ को कोरोना से मुक्त बनाने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के अर्थतंत्र को आगे ले जाने का काम किया। हमारा देश दुनिया के अर्थतंत्र की तालिका में 11वें नंबर पर था, आज पाँचवें नंबर पर है। मोदी की गारंटी है कि केंद्र में भाजपा की सरकार एक बार फिर से ला दो, हम दुनिया में भारत को तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाएंगे। शाह ने कहा कि मोदी जी ने दलित, आदिवासी, पिछड़ा सभी का सम्मान करने का काम किया। 75 साल के बाद पहली बार किसी गरीब आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासियों का सम्मान करने का काम किया है। ओबीसी को पहली बार संवैधानिक मान्यता दी और 27 प्रतिशत आरक्षण दिया। ओबीसी आयोग का गठन किया। यह सभी योजनाएं ओबीसी समाज, आदिवासी समाज, दलित समाज और सभी के लिए लागू करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इसके साथ-साथ आज भारत देश ने चंद्रयान को चंद्रमा पर भेजा और भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में दुनिया में तीसरी शक्ति बनाया। जी-20 के माध्यम से हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति को पूरी दुनिया में पहुँचाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया। शाह ने कहा कि देश को सुरक्षा देने का काम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किया। कश्मीर में धारा 370 का नासूर सालों से परेशान कर रहा था। 5 अगस्त 2019 को मोदी सरकार ने धारा 370 को समाप्त कर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ मिला दिया। इसी प्रकार सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों को दंडित करने का काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, मैं तो आज राम के ननिहाल में आया हूँ। छत्तीसगढ़ राम का ननिहाल है। 500 साल से रामलला अपने घर में नहीं विराज पाए थे, मंदिर नहीं बना था, कांग्रेस ने साढ़े 500 साल से लटके हुए मसले को 75 सालों में समाप्त नहीं किया जबकि मोदी जी ने 22 जनवरी को रामलला के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर राम मंदिर का संकल्प पूरा किया। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार अभी-अभी बनी है। गुजरात में कहावत है पूत के लक्षण पालने से ही मालूम पड़ते हैं। 2 महीने में ही लगभग लगभग 30 प्रतिशत मोदी गारंटी को विष्णु देव साय की सरकार ने पूरा कर दिया है, चाहे धान का बोनस देना हो, चाहे अगले महीने महतारियों को प्रणाम करने के लिए हर महीना 1000 रुपए भेजना हो ,हर वादे को छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। शाह ने विश्वास दिलाया कि जो वादा मोदी जी ने किया है, वह पत्थर की लकीर है। मोदी की हर गारंटी पूरी होगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने पुरजोर अपील की कि इस बार पूरे छत्तीसगढ़ की 11 की 11 लोकसभा सीटें जिताकर कमल खिलाएँ, मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएँ, मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बनाएँ मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाएँ।

पढ़ें   कोल इंडिया ने रचा इतिहास : एसईसीएल कोरबा में पहली पूर्णतः महिला संचालित सेंट्रल स्टोर यूनिट की शुरुआत

छत्तीसगढ़ की सभी 11 की 11 सीटों में कमल खिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनानी है – विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार अभी दो महीने की है। मोदी की गारंटी में भाजपा ने जो वादे किए हैं उसको पूरा करने की दिशा में भाजपा की प्रदेश सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री आवास का निर्णय ले लिया गया है, 2 साल के धान के बकाया बोनस 3716 करोड रुपए का भुगतान कर दिया गया है, 3716 करोड रुपए में किसानों के खाते में भेजा जा चुका है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी हुई है, धान का प्रति क्विंटल 3100 रूपए कीमत दे रहे हैं अंतर की राशि भी बहुत जल्द किसानों के खाते में भेज दी जाएगी। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आने वाले मार्च से सभी विवाहित महिलाओं को खाते में 12 हजार रूपए सालाना मिलने लगेगा। इसी तरह मोदी की गारंटी में जो भी वादा है उन सभी वादे को पूरा करेंगे। यह मोदी जी का चुनाव है, इस चुनाव में जांजगीर क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ की सभी 11 की 11 सीटों में कमल खिलाकर केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनानी है।

केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार दोनों मिलकर विकास के नए आयाम गढ़ेंगे – किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक देश, एक विधान ,एक निशान की अवधारणा को साकार करने वाले देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के विचारों और नीतियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनकी गारंटी पर विश्वास जताकर छत्तीसगढ़ की मातृ शक्ति ने, युवाओं ने, हमारे सभी सर्व समाज धर्म जाति के संप्रदाय के लोगों ने भाजपा को सम्मान दिया, भाजपा की सरकार बनाई। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही मोदी जी की सभी गारंटीयों को पूरा करने का काम शुरू कर दिया गया है। विगत 5 वर्षों में जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हुआ करती थी, पूरे छत्तीसगढ़ में अत्याचार, अनाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार सारी सीमाएँ पार कर चुका था। उस समय जब पहली बार गृह मंत्री अमित शाह आए थे, उन्होंने विश्वास दिलाया था कि छत्तीसगढ़वासियों अगर छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आप सभी के सहयोग से बनी तो मोदी जी की नीतियों, जितनी भी गारंटी है जिसे कांग्रेस ने पिछले 5 साल तक रोक कर रखा था इसका लाभ सीधे आप तक पहुँचाएंगे। वह समय आ गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार छत्तीसगढ़ में बन चुकी है, डबल इंजन की सरकार। हम हमेशा कहते थे केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की सरकार और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार दोनों मिलकर विकास करने विकास के नए आयाम गढ़ेंगे।

पढ़ें   राशन दुकान संचालक की बेटी बनी अफसर: दर्शना सिंह ने UPSC में 283वीं रैंक पाई, धमतरी के DSP ध्रुव को 623वां स्थान

आज दुनिया में भारत एक सशक्त समृद्ध और शक्तिशाली देश के रूप में जाना जाता है – अरुण साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को बने 10 साल हो गए हैं। इन 10 वर्षों में गाँव-गरीब और किसान की तरक्की का काम हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर गरीब के घर में शौचालय का निर्माण कराया, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास देने का काम किया है, किसानों के सम्मान के लिए किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत भी किसानों को सशक्त करने के लिए की है। दुनिया में भारत का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। आज दुनिया में भारत एक सशक्त समृद्ध और शक्तिशाली देश के रूप में जाना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में आज 25 करोड़ जनता गरीबी रेखा से बाहर आ गई है। कोरोना काल के समय प्रधानमंत्री मोदी ने देश की 140 करोड़ जनता को नि:शुल्क टीका लगाने का काम करके देश की लोगों की जान बचाने का काम किया है। मुफ्त में राशन देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल किया है और यह राशन अभी भी देश की जनता को नि:शुल्क मिल रहा है। साव ने कहा कि जांजगीर लोकसभा में फिर से एक बार पूरी ताकत लगा कर कमल खिलाना है।

भाजपा देश में सरकार बनाने के लिए काम नहीं करती, अपितु यह पूरे वर्ष देश की सेवा करने के लिए कार्य करती है – विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव मोदी जी का चुनाव है, जो देश के लिए काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी देश में सरकार बनाने के लिए काम नहीं करती, अपितु यह पूरे वर्ष देश की सेवा करने के लिए कार्य करती है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने से पहले देश में जगह-जगह बमबारी होती थी लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसी कोई घटनाएँ नहीं हुई है। आज ब्रह्मोस मिसाइल दूसरे देश भारत से खरीद रहे हैं। देश में आज मिसाइल भी निर्यात किया जा रहा है। धारा 370 को खत्म करके भारत में कश्मीर का पूर्ण विलय किया गया। पूर्वोत्तर के सातों राज्यों में आज विकास की गंगा बह रही है और पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व शांति हो गई है। शर्मा ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि बस्तर के कोने-कोने में भी विकास की गंगा पहुँचाई जाएगी और उसे मार्ग में विकास को कोने-कोने पहुंचने के मार्ग में कोई भी बाधा आए, उसे सख्ती के साथ दूर किया जाएगा। जो नक्सलवाद की काली छाया बस्तर में है, वह पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मोदीजी की सरकार बनाने के लिए जांजगीर से भाजपा का सांसद दिल्ली पहुँचे और इसमें जितने कार्यकर्ता साथी हैं, पूरे प्राण-पण से जुट जाएँ।

सभा संचालन करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटलजी ने किया था, इसलिए यह हमारा संकल्प है कि हमने बनाया है, हम ही सँवारेंगे। आज पूरे देश में यह बात गुंजायमान है कि फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। यही मंत्र प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सम्मेलन में दिया है। कार्यक्रम के अंत में बिलासपुर क्लस्टर प्रभारी व वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन सांसद गुहाराम अजगले, मंत्री ओपी चौधरी,महामंत्री संजय श्रीवास्तव सौरभ सिंह, निर्मल सिन्हा, सनम जांगड़े, संतोष लहरे, संयोगिता सिंह जूदेव, मोतीराम चंद्रवंशी, कमला देवी पाटले, लीलाधर सुल्तानिया, मेघाराम साहू, पुरुषोत्तम शर्मा, अशोक चवलानी, सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बहुत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed