10 Mar 2026, Tue
Breaking

रायगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भरी हुंकार, कहा – फिर इस बार मोदी सरकार

प्रमोद मिश्रा

*रायपुर/रायगढ़, 16 अप्रैल 2024।* लोकसभा में अपनी हार निश्चित देखकर प्रदेश के कांग्रेसी बौखला गए हैं। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ लगातार अमर्यादित बयान दे रहे हैं। कोई लाठी से सर फोड़ने की बात कह रहा तो कोई डिफाल्टर बोल रहा है। कांग्रेसियों की मोदी जी पर की गई अशोभनीय टिप्पणी बहुत ही शर्मनाक है। इसका करारा जवाब देना है, कांग्रेस को सबक सिखाना है।


रायगढ़ में आयोजित विशाल नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में नीचे सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।



श्री साय ने कहा कि ये चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है, ये बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के सुशासन की सरकार में जनहित का सब काम सांय-सांय हो रहा है। आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी में जो बचे हुए वादे हैं उसको भी विष्णु सरकार 5 साल में सांय-सांय पूरा करेगी।


*संकल्प पत्र को रखा जनता के सामने*

श्री साय ने भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र के बारे में कहा कि हमने देशवासियों के हित के लिए संकल्प पत्र जारी किया है। जिसे मोदी की गारंटी भी कहते हैं। मोदी सरकार में पिछले 10 वर्षों में 4 करोड़ पीएम आवास बने, अगले पांच साल में 3 करोड़ नए पीएम आवास बनाना है। अब 70 साल तक के बुजुर्गों का भी मुफ्त में आयुष्मान भारत योजना में इलाज होगा। मुद्रा योजना के तहत बेटे-बेटियों को 10 लाख की जगह 20 लाख तक का लोन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो पूरा भी करती है, कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलती। इसलिए मोदी जी को चुनिए, संकल्प पत्र का सभी वादा पूरा होगा।


*राधेश्याम राठिया के लिए मांगे वोट*

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारे प्रत्याशी राधेश्याम राठिया जी को जनसेवा का लम्बा अनुभव है। उन्होंने सरपंच से लेकर जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, एसटी मोर्चा और किसान मोर्चा सब में काम किया। राधेश्याम राठिया को काम करने का लम्बा अनुभव है और वे मृदुभाषी और कर्मठ हैं। उनको कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से जिताकर लोकसभा भेजना है। ये आप सभी से आग्रह करने आया हूँ।


*विष्णु बने राधेश्याम के प्रस्तावक*

आज विशाल जनसभा और भव्य रैली के पश्चात रायगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया ने कलेक्टोरेट में अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पत्थलगांव विधायक गोमती साय उनके प्रस्तावक बने। इस पर सीएम साय ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की संकल्पना को हम सभी के साथ-साथ जनता ने भी आत्मसात किया है। जनता ने संकल्प लिया है कि वो श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी।

नामांकन दाखिले के अवसर पर कैबिनेट मंत्री द्वय रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और जशपुर विधायक रायमुनी भगत भी कलेक्टोरेट परिसर में मौजूद रहे।


*जनता का जताया आभार*

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत बूढ़ी माई और सत्यनारायण बाबा के जयकारे से की। उन्होंने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से मुझे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के 4 बार सांसद बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके लिए आप सभी का आभार व्यक्त करता हूँ और रायगढ़ लोकसभा की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन करता हूँ। 


*विवेक सिंघानिया ने किया भाजपा प्रवेश*

नामांकन रैली में मुख़्यमंत्री के समक्ष एक बार फिर से कांग्रेसियों में भाजपा प्रवेश की होड़ दिखी। कांग्रेस के बड़े नेता विवेक सिंघानिया ने भाजपा में प्रवेश किया। शहर के जाने माने कारोबारी विक्की उर्फ विवेक सिंघानिया कांग्रेस का बड़ा चेहरा थे, जिन्होंने भाजपा ज्वाइन किया। इसके अलावा विकास गुप्ता, संतोषी डडसेना लखन लाल, अमित सोनी, विजय सोनी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया और रायगढ़ लोकसभा में भाजपा को प्रचंड मतों से जिताने का संकल्प लिया।


*विष्णु सरकार ने मोदी की गारंटी को प्राथमिकता से पूरा किया – ओपी चौधरी*

प्रदेश के रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपने संबोधन के जरिए युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के प्रमुख वादे को प्राथमिकता से पूरा किया है और बचे वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के रूके हुए 18 लाख मकानों को स्वीकृत किया है। दो साल से रूका हुआ बोनस 3716 करोड़ रूपए का भुगतान कर वादा निभाया। भूपेश बघेल सरकार ने किसानों को तरसा-तरसा कर पैसा दिया था, लेकिन विष्णु देव साय सरकार ने एकमुश्त किसानों को अंतर की राशि दी है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की दो किश्त हमारी सरकार ने दी है, अगला किश्त आने वाले 3 मई तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि रामलला के 500 साल के वनवास को भी प्रधानमंत्री ने दूर कर प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बनाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा, मोदी की गारंटी में ये ऐलान किया गया है।


*ये फाइनल चुनाव है, मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है – रामविचार नेताम*

नामांकन रैली में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि ये रायगढ़ का सौभाग्य है कि इसी संभाग से मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का चुनाव सेमीफाइनल था और लोकसभा का ये चुनाव फाइनल है। प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटा कर बड़ा काम किया है और अब हमें हर बूथ में 370 से ज्यादा वोट डलवाना है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने घटिया दारु बेचने वाले को बस्तर से टिकट दिया है। कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ और अपराध का गढ़ बना दिया था। कैबिनेट मंत्री नेताम ने सभा में उपस्थित लोगों से एक बार फिर अब की बार 400 पार के नारे पर अमल करते हुए राधेश्याम राठिया के पक्ष में मतदान करने एवं मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आग्रह किया।


*भगवामय हुआ रायगढ़*

जनसभा के पश्चात भाजपा ने विशाल रैली निकाली और रायगढ़ शहर का भ्रमण किया। जहाँ एक खुली गाड़ी में सवार होकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री द्वय रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया सहित अन्य नेताओं ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान पूरा शहर भगवामय हो गया और जय श्री राम, अब की बार 400 पार के नारे से गूँज उठा। रामलीला मैदान से निकली यह विशाल रैली गायत्री मंत्री रोड, हटरी चौक, सुभाष चौक, रामनाथ टाकीज चौक, केलो पुल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। जहाँ भाजपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल किया। 


नामांकन रैली में लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ नेता कृष्णकुमार राय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, विधायक गण प्रबोध मिंज, रायमुनी भगत, गोमती साय, पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, गिरधर गुप्ता, संयोगिता सिंह जूदेव, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, तीनों जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, सुनील गुप्ता, सुभाष जालान, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, सुनीति राठिया, जगन्नाथ पाणिग्रही, गुरुपाल भल्ला, नरेश नंदे, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद, यश प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   बस्तर बाढ़ का जमीनी और हवाई दौरा कर प्रभावितों से मिले CM विष्णु देव साय: राहत शिविरों का लिया जायजा, अफसरों को त्वरित राहत और पुनर्वास कार्य तेज करने के सख्त निर्देश

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed