10 Mar 2026, Tue
Breaking

सीएम साय ने MP में दो जनसभाओं को किया सम्बोधित, बोले – कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस आदिवासियों को समझती है बंधुआ मजदूर

प्रमोद मिश्रा

*रायपुर/कटनी/पन्ना, 20 अप्रैल 24।* आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में 55-60 वर्षों तक एक छत्र राज किया और अनेकों राज्यों में वर्षों-वर्षों तक राज किया। लेकिन लूट-लूट कर देश को खोखला करने का काम किया। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी प्रधानमंत्री हुए सबके ऊपर कोई न कोई घोटाले का आरोप है। राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाला जैसा बड़ा आरोप है। तो वहीं मनमोहन सिंह की सरकार में ऐसा कोई भी दिन नहीं था, जब घोटाले की नई-नई खबर अखबार में न आती हो कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला इसके उदाहरण हैं। ऐसी कांग्रेस का समूल नाश करना है।


अपने एक दिवसीय दौरे में मध्यप्रदेश पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खजुराहो लोकसभा के अंतर्गत दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। जहाँ उन्होंने कांग्रेस को जमकर लताड़ा।

श्री साय ने कहा कि इतनी तपती गरमी में आप लोग भाजपा को समर्थन देने आए हैं, जिससे स्पष्ट है कि कांग्रेस का खात्मा तय है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को कोसते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को धोखा देने, लूटने का काम किया है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन, खुद ही गरीबी को बढ़ाया। इनके एक प्रधानमंत्री ने तो जनता के बीच कहा था कि हम दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं जो गरीबों तक केवल 15 पैसा ही पहुँचता है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस ने ही भ्रष्टाचार को बढ़ाया और खूब घोटाला भी किया। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी अगर एक रुपया भेजते हैं तो वो शत-प्रतिशत लोगों तक पहुँचता है। ये अंतर है भाजपा और कांग्रेस की सरकार में। उन्होंने इंडी गठबंधन पर कहा कि कांग्रेस साफ़ है और उसकी सहयोगी सपा का भी साइकिल पंचर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है।

श्री साय ने कहा कि मेरा सौभाग्य था कि 2014 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में एक सांसद-राज्यमंत्री के रूप में मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। मैंने करीब से देखा कि मोदी जी की पहली प्राथमिकता में देश के गरीबों का विकास है, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मोदी जी ने गरीबों को आवास, गैस-सिलेंडर, जनधन बैंक खाता और शौचालय देने का काम किया। 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई। मोदी जी ने अपने दूसरे कार्यकाल में बड़े-बड़े वादों को पूरा किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया, कश्मीर से धारा 370 को शांतिपूर्वक हटाया, ट्रिपल तलाक जैसे जटिल कानून को हटाकर मुस्लिम माताओं-बहनों संग न्याय किया। मोदी जी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, सबको समृद्ध बनाया। आज भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए हमें पुनः उनको प्रधानमंत्री बनाना होगा, ये आशीर्वाद मैं आप सभी से मांगने आया हूँ।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है। आज एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। क्योंकि भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जबकि अन्य पार्टियों में परिवारवाद है, अयोग्य लोग ही पार्टी में अपना प्रभुत्व चला रहे हैं।


*आत्मीय स्वागत के लिए जनता का जताया आभार*

मुख्यमंत्री ने खजुराहो लोकसभा के अंतर्गत दो बड़ी जनसभाओं को सम्बोधित किया। जहाँ जनता द्वारा मिले आत्मीय प्यार और स्वागत से वो अभिभूत दिखे। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार जताया और कहा कि पहले छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश एक थे। लेकिन 1 नवंबर 2000 को अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। इसलिए मध्यप्रदेश हमारा बड़ा भाई है और हम छोटे भाई हैं। आज बड़े भाई यहाँ आया हूँ तो यहाँ के चाचा-चाची, भैया-भाभी, मामा-मामी सबको मेरा जोहार। उन्होंने कहा कि मैं एक आदिवासी क्षेत्र में आया हूँ, अपने सगा-समाज के बीच आया हूँ तो आप सबको भी मेरा जोहार। आप सभी ने जो आत्मीय स्वागत किया उसके लिए हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि जब भी मध्यप्रदेश आता हूँ, यहाँ की जनता से बहुत प्यार मिलता है।


*वीडी शर्मा के लिए की वोट अपील*

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने वाले नरेंद्र मोदी जी को हमें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए खजुराहो लोकसभा की जनता का भरपूर सहयोग मिले, ये आग्रह करने आया हूँ। आप सभी खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाई वीडी शर्मा को जिताएं और उन्हें पुनः सांसद बनाकर दिल्ली भेजें। मध्यप्रदेश की पूरी 29 की 29 सीटें भाजपा की झोली में डालें, ये आशीर्वाद आप सभी से मांगने आया हूँ।


*शिवराज और मोहन की करी खूब तारीफ*

श्री साय ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिवराज जी ने मध्यप्रदेश का खूब विकास किया और उसे आगे बढ़ाने का काम मोहन भाई कर रहे हैं। मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।


*अँधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा*

श्री साय ने कहा कि एक समय कांग्रेसी, परम श्रद्धेय अटल जी का मजाक उड़ाते थे और कहते थे कि “हम दो हमारे दो।” तब अटल जी ने प्रत्युत्तर में कहा था कि आज हंस लीजिये, लेकिन एक दिन ऐसा आएगा कि “अँधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।” आज पूरे भारत में कमल की लहर चल रही है। कांग्रेस रसातल की ओर जा रही है, कांग्रेसी खोजने से भी नहीं मिल रहे हैं।

*भूपेश बघेल को जमकर कोसा*

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भूपेश सरकार की नाकामी को मध्यप्रदेश की जनता के सामने भी रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। शराब के दो काउंटर थे, एक काउंटर का पैसा कांग्रेस सरकार को जाता था, दूसरे काउंटर का पैसा सोनिया-राहुल-प्रियंका के पास जाता था। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। 6 महीने से साल भर हो गए उनका जमानत नहीं हो रहा है। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है।

उन्होंने कहा कि अभी बस्तर में चुनाव से दो दिन पहले जवानों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया। लेकिन भूपेश बघेल ने इसे फर्जी कहा, नकली बताया। जबकि नक्सलियों ने भी स्वीकार किया कि उनके 29 साथियों की मौत हुई है। नक्सलवाद के खिलाफ जब हमारी सरकार मजबूरी से लड़ाई लड़ रही है तो कांग्रेसी इसे फर्जी कह रहे हैं। जब पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक हुई, एयर स्ट्राइक हुई। तब भी कांग्रेसियों ने उसके सबूत मांगे। जवानों के शौर्य को अपमानित करना कांग्रेसियों की शुरू से आदत रही है। इनको सबक सिखाना है।


*कांग्रेस में बिखराव है*

श्री साय ने कहा कि आज देश में कांग्रेस की दुर्गति हो गई है। कांग्रेस में भगदड़ मची है। भारत जोड़ो यात्रा करने वाली कांग्रेस अपने घर को नहीं जोड़ पा रही है। रोज ज्यादा से ज्यादा कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। क्योंकि उनकी पार्टी में लोकतंत्र नहीं बचा, परिवारवाद चल रहा है।


जनसभा में जिलाध्यक्ष कटनी दीपक सोनी, जिलाध्यक्ष पन्ना बृजेन्द्र मिश्रा, विधायक गण संजय सत्येंद्र पाठक, प्रणय भारत पांडेय, भाजपा नेत्री नंदनी मरावी, विजय शुक्ला, सुनीता मेहरा, राजेश चौधरी, अश्वनी गौतम, भरत पटेल सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   रायपुर: मोक्षित कॉरपोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा गिरफ्तार, CGMSC घोटाले को लेकर एसीबी और ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed