प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 27 जनवरी 2025

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के दिवंगत भाजपा विधायक भीमा मंडावी की बेटी दीपा मंडावी ने उत्तराखंड के देहरादून में आत्महत्या कर ली है, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा, “दंतेवाड़ा के पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी जी और राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी जी की बेटी दीपा मंडावी के आकस्मिक निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। ओजस्वी जी से फोन पर बात कर इस दुःखद घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”
दीपा मंडावी उत्तराखंड के देहरादून में एक पीजी में रहकर फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही थी। यह उसका अंतिम वर्ष था, लेकिन 26 जनवरी रविवार को उसने आत्महत्या कर ली। हाल ही में दीपा अपने घर दंतेवाड़ा आई थी और कुछ दिन बाद देहरादून लौट आई थी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।





