6 Jun 2026, Sat
Breaking

निगम – मंडलों में अध्यक्षों और सदस्यों की नियुक्ति : पूर्व कैबिनेट मंत्री ननकी राम कंवर ने लिखा केंद्रीय नेतृत्व को पत्र, पुराने पदाधिकारियों को जगह नहीं दिए जाने की मांग

कोरबा/रायपुर, 25 मार्च 2025

सरकार के निगम मंडलों में जल्द नियुक्तियां हो सकती है। कहा जा रहा है कि नवरात्र में निगम मंडल के पदाधिकारियों की पहली सूची जारी हो सकती है। डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय नियुक्तियों पर फैसला लेंगे। इन सबके बीच पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने केन्द्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर पुराने पदाधिकारियों को फिर पद नहीं देने की गुजारिश की है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि निगम मंडल के पुराने पदाधिकारी पिछली विधानसभा चुनाव में बुरी हार के लिए जिम्मेदार रहे हैं।

कंवर ने पीएम नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भेजा है।

 

 

डिप्टी सीएम ने बताया कि भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा के बाद निगम मंडलों में नियुक्तियां तय की जाएंगी। इसके साथ ही साथ जिला और मंडलों में भी कार्यसमिति का गठन किया जाएगा। इन सबके बीच कंवर की चिट्ठी को लेकर पार्टी के अंदरखाने में काफी चर्चा है। कंवर ने अपने पत्र में निगम मंडलों में नियुक्ति पर साफतौर पर कहा कि प्रदेश में वर्ष 2003 से 2018 तक प्रदेश में भाजपा की सरकार रही उस वक्त निगम मंडलों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और अन्य पदों पर कई ऐसे लोगों की नियुक्ति की गई जिससे भाजपा की सरकार को काफी नुकसान उठाना पड़ा। वर्ष 2018 में पार्टी की सरकार नहीं बनी, इसका प्रभाव भी माना जा सकता है।

पूर्व गृह मंत्री ने बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार में जिन अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा भाजपा नेताओं को झूठे मामले में फंसाया जा रहा था उन्हीं कर्मचारियों और अधिकारियों को हमारे पार्टी के कुछ दलाल प्रवृत्ति के लोग बचाने की कोशिश में लगे हैं। साथ ही उन्हें मनचाही जगहों पर पदस्थ कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे लोगों को मुख्य पदों से दूर रखना उचित होगा।

पढ़ें   वस्त्र, पर्यटन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बना निवेश का हॉटस्पॉट: मुंबई में छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय से उद्योग जगत के दिग्गजों ने की मुलाकात

ननकी राम कंवर ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं जो ईमानदारी से काम करते आए हैं, और जिन्हें आजतक सरकार के निगम मंडलों में काम करने का मौका नहीं मिल पाया है, उन्हें मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के नये लोगों को मौका दिया जाना चाहिए क्योंकि उस वक्त के निगम पदाधिकारियों के गलत कार्यों के कारण हमारी सरकार नहीं आई, और ऐसे में इन लोगों को दूर रखना उचित होगा।

 

Share

 

 

 

 

 

You Missed