प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 जून 2025

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बर्खास्त किए गए 2621 बीएडधारी सहायक शिक्षकों के समायोजन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। विभाग ने समायोजन के लिए आदेश जारी करते हुए 17 जून से 26 जून 2025 तक रायपुर के शंकर नगर स्थित एससीईआरटी परिसर में ओपन काउंसिलिंग आयोजित करने की घोषणा की है।
यह सभी शिक्षक “सहायक शिक्षक विज्ञान” पद पर समायोजित किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के स्कूल में नियुक्ति पत्र भी वहीं पर प्रदान किया जाएगा।
राज्य के 29 जिलों में 2621 पदों पर इन शिक्षकों की नियुक्ति होगी। काउंसिलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इसे दो पालियों में विभाजित किया गया है—प्रत्येक दिन प्रथम पाली में 150 और द्वितीय पाली में 150 यानी कुल 300 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सूची स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध करा दी गई है। उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसिलिंग स्थल पर उपस्थित रहने की अपील की है।
यह कदम लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे इन शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।





