प्रमोद मिश्रा
नई दिल्ली/रायपुर, 17 जुलाई 2025

स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर देशभर में झंडा गाड़ दिया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों में राज्य के तीन शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में टॉप-3 में जगह बनाकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
- नगर पंचायत बिल्हा को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
- बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख जनसंख्या श्रेणी में देश का दूसरा सबसे साफ शहर बनने का गौरव प्राप्त किया।
- वहीं कुम्हारी को 20 से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान मिला है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के पुरस्कार आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई दी और इसे प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण बताया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनके साथ विजेता नगर निगमों के महापौर एवं अध्यक्षों ने मंच पर पुरस्कार ग्रहण किए।
समारोह में केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष रूप से शामिल हुए। समारोह में शहरी विकास से जुड़े अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं की मौजूदगी रही।
छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।





