मुंगेली, 11 सितंबर 2026
आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं की पढ़ाई में आर्थिक अड़चन न आए, इसके लिए भवानी रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट ने पहल की है। श्रीमती रम्भा बाई रामलाल साव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हायर सेकेंडरी की 30 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि बेटियां सम्मान और गौरव का प्रतीक हैं। शिक्षा से लेकर समाजसेवा और दूसरे क्षेत्रों में बेटियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। आर्थिक परेशानी के कारण किसी प्रतिभाशाली बेटी की पढ़ाई न रुके, इसके लिए समाज और संस्थाओं को सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।


हर साल करीब डेढ़ लाख की छात्रवृत्ति
विद्यालय के प्राचार्य कृष्णकुमार नवरंग ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल करीब 1.50 लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जाती है। इस वर्ष 30 छात्राओं को इसका लाभ मिला।
विद्यालय के निर्माण में भी ट्रस्ट ने भूमि और दान के माध्यम से सहयोग किया है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया जाता है। वर्तमान में ट्रस्ट के सहयोग से विद्यालय के मुख्य द्वार और सीढ़ी निर्माण का काम भी चल रहा है।
प्राचार्य ने ट्रस्ट के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज और संस्थाओं का सहयोग विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करने के साथ सकारात्मक सामाजिक बदलाव का आधार बनता है।




