6 Jun 2026, Sat
Breaking

विष्णु के सुशासन से बस्तर में बदल रही है स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर : नक्सल प्रभावित इलाकों तक पहुंची गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं, चिकित्सकीय स्टाफ की नियुक्ति से और मजबूत हुई व्यवस्था

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 4 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर तेजी से बदल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन और स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है कि आज नक्सल प्रभावित दुर्गम इलाकों में भी लोग गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS), राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन अभियान और मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान जैसी योजनाएं क्षेत्र में व्यापक प्रभाव छोड़ रही हैं।

 

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हमारी जन-केंद्रित सोच और स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत का प्रतिफल है। विषम परिस्थितियों में भी मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य किया है।”

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार पूरे छत्तीसगढ़ में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। “बस्तर में घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच, त्वरित उपचार और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है,” उन्होंने कहा।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) में उल्लेखनीय उपलब्धियां

1 जनवरी 2024 से 16 जून 2025 तक बस्तर संभाग की 130 स्वास्थ्य संस्थाओं को NQAS सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है। इनमें 1 जिला अस्पताल, 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 113 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 65 संस्थानों का सर्टिफिकेशन कार्य प्रक्रियाधीन है। नक्सल प्रभावित कांकेर (8), बीजापुर (2), सुकमा (3), और दंतेवाड़ा (1) जिलों में 14 संस्थानों को गुणवत्ता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है, जो यह सिद्ध करता है कि विषम परिस्थितियों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार संभव है।

पढ़ें   किसानों को बड़ी राहत: CM विष्णु देव साय की पहल पर केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को दिया 60 हजार टन अतिरिक्त यूरिया, चालू खरीफ सीजन में अब तक 6.39 लाख टन खाद वितरित; समय पर आपूर्ति से खुश किसान

नियद नेल्लानार योजना : आयुष्मान कार्ड कवरेज में तेजी

बस्तर संभाग में नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत 62,466 राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 36,231 आयुष्मान कार्ड एक वर्ष में ही पंजीकृत किए जा चुके हैं। कुल 52.6 प्रतिशत कवरेज के साथ अब तक 6,816 लोगों को उपचार लाभ मिला है और 8 करोड़ 22 लाख रुपये की क्लेम राशि स्वीकृत की जा चुकी है।

चिकित्सकीय स्टाफ की नियुक्ति ने बदली व्यवस्था

पिछले डेढ़ वर्षों में बस्तर संभाग में 33 मेडिकल स्पेशलिस्ट, 117 मेडिकल ऑफिसर और 1 डेंटल सर्जन की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा राज्य स्तर से 75 और जिला स्तर से 307 स्टाफ एवं प्रबंधकीय पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। 291 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इन नियुक्तियों से बस्तर संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ और मजबूत हुई है।

नक्सल प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बनीं प्राथमिकता

कांकेर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता रही है। विष्णु देव साय के नेतृत्व में इन दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की गई है, जिसने बस्तर की तस्वीर ही बदल दी है।

5 से 7 अगस्त तक स्वास्थ्य मंत्री का बस्तर दौरा

बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल 5 से 7 अगस्त तक तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मेडिकल कॉलेजों की स्वशासी समिति की बैठकें लेंगे, अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे और मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा बीजापुर और सुकमा जैसे जिलों के अंतिम छोर पर बसे गांवों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का भी जायजा लेंगे।

पढ़ें   छत्तीसगढ़ को केंद्र से मिली बड़ी सौगात: रायपुर में बनेगी फिल्म सिटी और सांस्कृतिक केंद्र, 147.66 करोड़ की स्वीकृति से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, वैश्विक स्तर पर चमकेगी राज्य की पहचान

बस्तर संभाग में हो रहे ये सुधार न केवल स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रहे हैं, बल्कि यह भी प्रमाणित कर रहे हैं कि सुशासन और समर्पित प्रयासों से देश के सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव संभव है।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed