प्रमोद मिश्रा
रायपुर/जगदलपुर, 25 अगस्त 2025

प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप एक दिवसीय दिल्ली प्रवास पर केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मिले। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों, वन आधारित रोजगार और इको टूरिज्म को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मंत्री कश्यप ने बस्तर जिले के नक्सलमुक्त क्षेत्र में आदिवासियों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बस्तर प्रदेश का सबसे अधिक वनच्छादित क्षेत्र है, जहां वन आधारित उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। साथ ही इंद्रावती, कांगेर घाटी, तीरथगढ़ और चित्रकोट जैसे क्षेत्रों को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए केंद्र सरकार से मार्गदर्शन और सहयोग की चर्चा हुई।
वनमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर की संस्कृति और प्राकृतिक संपदा विश्व प्रसिद्ध है और विष्णुदेव साय सरकार इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री कश्यप ने भरोसा जताया कि डबल इंजन सरकार के साथ केंद्र का सहयोग बस्तर और छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों में युवाओं और आदिवासियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा





