प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 01 सितंबर 2025

दंतेवाड़ा की होनहार छात्रा पूनम पटेल, जो प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना लेकर पिछले तीन वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं, हाल ही में आई बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुईं। बाढ़ में उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया, परिवार राहत शिविर में रहने को मजबूर है और उनकी मेहनत की साथी—पुस्तकें और टेबलेट भी बह गए। लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल ने उनके सपनों को नई उड़ान दे दी।
मुख्यमंत्री ने आज राहत शिविर में पूनम से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी तैयारी को जारी रखने के लिए जिला प्रशासन को तुरंत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निर्देश के बाद प्रशासन ने पूनम को प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें और नया टेबलेट सौंपा।
पूनम ने बताया कि उनके पिता संतोष पटेल किराना दुकान चलाकर किसी तरह परिवार और उनकी पढ़ाई का खर्च उठाते हैं। बड़ी मुश्किल से जुटाए गए पैसों से खरीदा गया टेबलेट भी बाढ़ में खराब हो गया था। पढ़ाई रुक जाने की आशंका से वे बेहद चिंतित थीं। लेकिन अब मुख्यमंत्री की पहल से उन्हें नई ऊर्जा मिली है।
पूनम ने कहा कि यह सहयोग उनके लिए सिर्फ किताबें और टेबलेट भर नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का सहारा है। अब वे पूरे आत्मविश्वास के साथ यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगी।





