प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 05 सितंबर 2025
राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क पुलिस ने बेनकाब किया है। पाकिस्तानी हेरोइन और दिल्ली की एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स की सप्लाई में शामिल इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे 30 घंटे तक सघन पूछताछ की है। जानकारी के मुताबिक इस सिंडिकेट के संपर्क में 850 से ज्यादा रईसजादे थे, जिनमें होटल कारोबारियों और राजनेताओं के बेटों के नाम भी सामने आ रहे हैं।

करोड़ों की ड्रग्स और पाकिस्तानी पिस्टल बरामद
पुलिस ने छापेमारी में करोड़ों की ड्रग्स के साथ पाकिस्तानी पिस्टल भी जब्त की है। नव्या मलिक को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया है। इसी केस में पुलिस ने विधि अग्रवाल (27), सोहेल खान (29), जुनैद अख्तर (28) और ऋषिराज टंडन को भी गिरफ्तार किया है।
पिंदर से 25 घंटे पूछताछ
हिस्ट्रीशीटर रुपिंदर उर्फ पिंदर सिंह उर्फ पाब्लो से पुलिस ने रिमांड में लेकर 25 घंटे पूछताछ की। उसने बताया कि पाकिस्तानी हेरोइन को ड्रोन के जरिए बॉर्डर पार करवाया जाता था, फिर ट्रकों से रायपुर समेत देशभर में सप्लाई की जाती थी। दबाव बढ़ने पर वह अपने सिंडिकेट के लड़कों को माल के साथ दिल्ली और रायपुर भेजता था।
600 से ज्यादा ग्राहकों की पहचान
पिंदर के नेटवर्क से जुड़े रायपुर के सुवित श्रीवास्तव के बैंक अकाउंट से पुलिस को 600 से ज्यादा ग्राहकों की जानकारी मिली है। इन खातों को फ्रीज किया जा चुका है और जांच जारी है।
नव्या मलिक से जुड़े रसूखदारों के नाम
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नव्या मलिक ने पूछताछ में एमडीएमए खरीदने वाले कई रसूखदारों के नाम बताए हैं। नव्या को पकड़ने में पुलिस को तब सफलता मिली, जब देवेंद्र नगर से पकड़े गए तीन आरोपी — हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई और दीप धनोरिया ने उसका नाम सामने रखा था।
अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार
इस ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अब तक 17 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं कई अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि नव्या और विधि अग्रवाल से पूछताछ के बाद और बड़े खुलासे होंगे।





