प्रमोद मिश्रा
रायपुर/भंडारपुरी, 12 सितंबर 2025

सतनामी समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र भंडारपुरी धाम को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन ने यहां प्रस्तावित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्टाफ पदों की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत इस स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना का निर्णय लिया है। इससे लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
पहले चरण में इस केंद्र के निर्माण हेतु 75 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई थी। अब सरकार ने चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, फार्मासिस्ट ग्रेड-02, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सहायक ग्रेड-03, वार्ड ब्वॉय और आया सहित विभिन्न पदों की स्वीकृति दी है।
भंडारपुरी धाम गुरु घासीदास बाबा जी की पावन कर्मस्थली है, जहां हर साल गुरु दर्शन मेला का आयोजन होता है। इस अवसर पर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
यह पहल कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। समाजसेवी ललित गायकवाड़ ने इस निर्णय पर मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पूरे सतनामी समाज और क्षेत्रवासियों ने इसे ऐतिहासिक कदम के रूप में स्वागत किया है।





