प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र में सोमवार को बिजली गिरने से 7 लोग झुलस गए, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में 5 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें से 4 लोगों को कोरिया जिले के सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं 2 बच्चों का इलाज भी सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह लोग महतारी वंदन योजना के तहत मिल रही राशि से संबंधित दस्तावेज अपडेट कराने के लिए पालकेवरा ग्राम पंचायत सचिव के पास गए थे। पेड़ के नीचे मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेज अपडेट करते समय अचानक बिजली गिरी।
इस बीच, मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक गरज और चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। सोमवार दोपहर रायपुर और रायगढ़ में भी बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 60 मिलीमीटर बारिश तोंगपाल में रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर जिले में हुई है, जबकि सबसे कम बेमेतरा जिले में।
राज्य प्रशासन ने जनता से बिजली गिरने और भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।





