प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 सितंबर 2025

सोशल मीडिया पर वायरल हुए न्यूड पार्टी के पोस्टरों के बाद रायपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए इस आयोजन से जुड़े 7 लोगों को हिरासत में लिया है। वायरल पोस्टरों में न्यूड कपल्स को पार्टी में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया था, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और कांग्रेस और बीजेपी के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे।
हिरासत में लिए गए लोगों में सूरजपुर जिला अस्पताल के तत्कालीन लिपिक जेम्स बेग का नाम भी सामने आया है। जेम्स बेग, जिन्हें गोल्डन मैन के नाम से भी जाना जाता है, पहले से ही एक अन्य मामले में आरोपी हैं। उन पर सूरजपुर जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट के नाम पर फर्म को लगभग 83 लाख 20 हजार रुपये का भुगतान गड़बड़ी से करने का आरोप है। इस मामले में सूरजपुर कोतवाली में उनके खिलाफ अपराध दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, जेम्स बेग न्यायालय से अग्रिम जमानत पर होने के बावजूद पूछताछ के लिए कई नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुए। पुलिस ने रायपुर स्थित उनके क्लब में भी नोटिस चस्पा किया था, लेकिन कोई सहयोग नहीं मिला। पुलिस ने न्यायालय को इस संबंध में जानकारी दे दी है और आगे की जांच जारी है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि आरोपी और अन्य सहभागी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।





