प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 17 सितंबर 2025

रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में पति के प्रताड़ना और दहेज के दबाव से तंग आकर वर्षा गोस्वामी नाम की महिला ने 10 सितंबर को खुद को पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद उसे तुरंत DKS अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 14 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतिका की बहन की शिकायत पर आरोपी पति शिवम गोस्वामी के खिलाफ कोतवाली थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, पति शादी के बाद से ही पत्नी पर लगातार हिंसा और मानसिक दबाव डालता था। बहन का कहना है कि पति उसे मायके से पैसे लाने के लिए परेशान करता और भिखारी घर से खाली हाथ आई हो, ऐसे ताने देता था।
घटना का पूरा मामला:
10 सितंबर को विवाद के बाद वर्षा थाने में काउंसलिंग के लिए आई थी। दोपहर 12:00 से 12:30 बजे के बीच महिला ने अचानक खुद को आग के हवाले कर दिया। थाने में मौजूद स्टाफ ने तुरंत आग बुझाई और उसे अस्पताल ले जाया गया। महिला के शरीर के कई हिस्से जल गए थे, जिससे इंफेक्शन हो गया और चार दिन बाद उसकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप:
पीड़िता की बहन ने बताया कि शादी के बाद से ही पति शिवम जुआ और सट्टा खेलता था, घर में मारपीट करता था और धमकियां देता था। दिवाली 2020 से पहले भी उसने बहन का सिर फोड़ा था, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।





