प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 18 सितंबर 2025

प्रदेश में शिक्षा विभाग में नई स्थानांतरण नीति बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इस नीति के तहत पहली बार शिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत होगी और साल में केवल एक बार ही शिक्षक तबादले किए जाएंगे। अभी इसकी सटीक तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन 15 मार्च से 15 अप्रैल के बीच आवेदन प्रक्रिया करने पर विचार किया जा रहा है।
नई नीति की दो बड़ी विशेषताएं शामिल की जा रही हैं। पहली यह कि जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, उनकी सूची ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएगी, और इच्छुक शिक्षक वहां ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अगर दो आवेदन आते हैं तो वरिष्ठता के आधार पर स्थानांतरण होगा। दूसरी विशेषता यह है कि पति-पत्नी अलग-अलग जिलों में हैं, तो उनके आवेदन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा बीमारी वाले मामलों को भी पहले स्थान पर रखा जाएगा।
इस बीच, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बुधवार को दो महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) की शक्तियों को बढ़ाया जाएगा और अब जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) की हर फाइल डीईओ की टेबल से होकर गुजरेगी। इससे पहले डीएमसी फाइलें सीधे कलेक्टर या समग्र शिक्षा संचालक को भेज देते थे।
इसके अलावा, लंबे समय से एक शाखा में तैनात अफसरों और कर्मचारियों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। हर डीईओ और डीएमसी को तत्काल प्रभाव से सूची तैयार करने के आदेश जारी किए गए हैं। अगले एक महीने में इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। मंत्री का कहना है कि इससे विभाग में नयापन और पारदर्शिता आएगी।
गजेंद्र यादव, शिक्षा मंत्री
“अब डीएमसी को हर फाइल डीईओ के माध्यम से भेजनी होगी। इससे दोनों के बीच सामंजस्य बढ़ेगा। लंबे समय से एक शाखा देख रहे अफसरों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। नई स्थानांतरण नीति पर भी विचार चल रहा है।”





