रायपुर, 28 सितम्बर 2025
राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा आयोजित गुरु शरणम् – मैत्री महोत्सव – क्षमादान उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। पूज्य आर्यिकारत्न 105 अंतर्मति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, जैन समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने माताजी ससंघ को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और समाज की पारंपरिक पगड़ी व गमछा पहनकर सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया और आचार्य विद्यासागर कल्याण सेवा संस्था के लोगो का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैत्री महोत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति और शुद्धिकरण का पावन अवसर है। उन्होंने कहा – “उत्तम क्षमा, सबसे क्षमा और सबको क्षमा” यही बड़प्पन है और यही वसुधैव कुटुम्बकम का वास्तविक संदेश है। भगवान महावीर स्वामी का ‘जियो और जीने दो’ का संदेश पूरे मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है।
साय ने कहा कि जैन समाज सेवा और परोपकार में अग्रणी है, और इसके सेवा भाव का लाभ छत्तीसगढ़ को निरंतर मिलता रहेगा। उन्होंने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जीवन-दर्शन को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि त्याग, सेवा और आत्मसंयम ही सच्चा धर्म है।
कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष विनोद बड़जात्या ने आचार्य विद्यासागर कल्याण योजना की जानकारी दी और समाज से जुड़ने का आह्वान किया। सीआईआई के अध्यक्ष संजय बड़जात्या ने भी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने जैन तीर्थों के निर्माण और संरक्षण के लिए मनीष जैन, आयुर्वेद सेवा के लिए विजय गोधा और समाज सेवा के लिए सुनील संगोलिया को सम्मानित किया। साथ ही चांदी पर उत्कीर्ण गुरु-स्मृति और आचार्य विद्यासागर जी द्वारा रचित हाइकू का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में नरेन्द्र जैन, यशवंत जैन, रतनलाल बड़जात्या, सुधीर बाकलीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





