नई दिल्ली, 29 सितंबर 2025

दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी को 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा। 62 वर्षीय स्वामी और शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट के पूर्व प्रमुख पर 17 छात्राओं से यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले चैतन्यानंद लगातार ठिकाना बदलता रहा। पिछले 50 दिनों में उसने 15 होटल बदले, जिनमें वह CCTV मुक्त सस्ते होटलों में छिपा। उसे आगरा के एक होटल से सुबह 3:30 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उसके पास से तीन फोन और एक आईपैड बरामद किए, जिनमें छात्रावास के CCTV फुटेज भी मिले। पूछताछ में उसने कई बार फोन और डिजिटल डिवाइस के पासवर्ड भूलने का बहाना बनाया।
जांच में पता चला कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को टारगेट करता था। छात्राओं को धमकाकर और विदेश यात्रा का लालच देकर यौन शोषण करता था। 32 छात्राओं से पूछताछ हुई, जिनमें से 17 ने सीधे शिकायत दर्ज कराई।
स्वामी चैतन्यानंद पर पहले भी 2009 और 2016 में अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, वह संस्थान में करोड़ों रुपए की हेराफेरी में भी लिप्त था।





