प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 27 सितंबर 2025

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलिंगा विश्वविद्यालय, नया रायपुर में शनिवार को “साइबर सुरक्षा एक्स्ट्रावैगन्ज़ा 2025” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन IEEE कलिंगा विश्वविद्यालय छात्र शाखा ने IEEE एजुकेशन सोसाइटी एमपी सेक्शन के सहयोग से किया।
यह आयोजन विशेष रूप से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए था, जिसमें शहर और आसपास के विभिन्न स्कूलों से आए 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में EA IEEE MP अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी बिरादर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते डिजिटल माहौल में साइबर खतरों को समझना और उनसे बचाव के उपाय अपनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि निशीथ अग्रवाल, डीएसपी साइबर सेल रायपुर ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्रों को वास्तविक साइबर धोखाधड़ी के मामलों से अवगत कराया। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव, साइबर खतरे पहचानने और समस्या आने पर तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी साझा की।
आदर्श इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र पाल सिंह चौहान ने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में डिजिटल सुरक्षा को लेकर सजगता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
पूरे कार्यक्रम में छात्रों को न सिर्फ डिजिटल सुरक्षा के मूल सिद्धांत समझाए गए, बल्कि नैतिक हैकिंग, जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार और साइबर सुरक्षा के करियर विकल्पों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रमाणपत्र वितरण के साथ हुआ, जिसमें छात्रों को सुरक्षित डिजिटल आदतें अपनाने और समाज में साइबर जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।





