प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 30 सितंबर 2025

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट रायपुर और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 16 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई 29 सितंबर की रात 10:15 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सैलून साइडिंग के पास की गई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार के मार्गदर्शन में आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक ए.जेड. चौधरी, प्रधान आरक्षक वी.सी. बंजारे, आरक्षक घम्मन मीणा तथा आबकारी विभाग के जिला आबकारी अधिकारी टैग बहादुर कुर्रे, निरीक्षक प्रकाश देशमुख, कौशल सोनी, उप निरीक्षक नीलम सवर्णकार और प्रीति कुशवाह की टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन दिग्गल (26), निवासी ग्राम परमपंगा, टीटामाहा, जिला कंधमॉल, बटागुड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह दो बैग में 8 बंडल गांजा लेकर जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से बस के जरिए रायपुर लाया था और यहां से ट्रेन के जनरल कोच में प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जाने की योजना थी।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध क्रमांक 182/2025 दर्ज किया है। जब्त गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को 30 सितंबर को विशेष NDPS न्यायालय रायपुर में पेश किया जाएगा।





