इंदौर, 03 अक्टूबर 2025
मध्य प्रदेश के धार, बड़वानी, उज्जैन और खरगौन जिलों में एजुकेट गर्ल्स संस्था अपने प्रगति कार्यक्रम और ओपन स्कूल के जरिए महिलाओं और किशोरियों को माध्यमिक शिक्षा पूरी करने का सुनहरा अवसर दे रही है। यह पहल उन महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आई है, जिनकी पढ़ाई कम उम्र में शादी, बच्चों की जिम्मेदारियाँ, आर्थिक तंगी या स्कूल की दूरी जैसी परिस्थितियों के कारण अधूरी रह गई थी।

अब तक प्रदेश में 4,000 से अधिक महिलाएँ और किशोरियाँ शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ चुकी हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष संस्था गाँव-गाँव जाकर नामांकन अभियान चला रही है, समस्याओं का समाधान कर रही है और महिलाओं को यह भी समझा रही है कि ऑनलाइन आवेदन कैसे भरा जा सकता है।
वर्तमान में धार और बड़वानी समेत चारों जिलों में 244 शिक्षण कैम्प संचालित किए जा रहे हैं। इन कैम्पों में स्थानीय प्रेरक महिलाएँ व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सहयोग देकर प्रतिभागियों को आत्मविश्वास से भर रही हैं। इस पहल से न केवल महिलाएँ अपने अधूरे सपनों को पूरा कर रही हैं, बल्कि परिवारों और समाज के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
एजुकेट गर्ल्स के स्टेट ऑपरेशन्स लीड रंजीत नाथ ने कहा—
“धार, बड़वानी, उज्जैन और खरगौन में 10वीं कक्षा में महिलाओं और किशोरियों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज अब शिक्षा के महत्व को समझ रहा है। महिलाएँ स्वयं आगे बढ़ना चाहती हैं, उन्हें बस सही मार्गदर्शन और सहयोग चाहिए। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला और किशोरी शिक्षा से सशक्त बने और अपने सपनों को पूरा कर सके।”
संस्था का उद्देश्य है कि मध्य प्रदेश की प्रत्येक महिला और किशोरी को माध्यमिक शिक्षा पूरी करने का अवसर मिले। इसके लिए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की गई है।
जिन महिलाएँ या किशोरियाँ 10वीं कक्षा पूरी करना चाहती हैं, वे यहाँ नामांकन करा सकती हैं:
👉 https://www.educategirlspragtimp.ngo/





