प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 13 अक्टूबर 2025
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रविवार को बढ़ईपारा स्थित दुलार धर्मशाला में 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। यह राशि विधायक निधि से स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम में समाजजनों की उपस्थिति में मूणत ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के साथ उनका रिश्ता मात्र सामाजिक नहीं, बल्कि 40 वर्षों से जुड़ा पारिवारिक संबंध है। उन्होंने कहा कि “दुलार धर्मशाला समाज की मेहनत और एकजुटता का प्रतीक है, इसे हमारे वरिष्ठजनों ने अपने परिश्रम से साकार किया है।”
विधायक ने बताया कि समाज के सदस्यों ने हाल ही में धर्मशाला में अधूरे कार्यों की जानकारी दी थी, जिस पर उन्होंने विधायक निधि से 25 लाख रुपए स्वीकृत कर निर्माण कार्य की शुरुआत सुनिश्चित की।
मूणत ने कहा कि दीपावली के बाद तात्यापारा वार्ड की जर्जर सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बढ़ाई पारा विद्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की राशि अधोसंरचना मद से स्वीकृत की गई थी, और कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा बढ़ाई पारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 5-5 लाख रुपए के विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
अपने संबोधन में मूणत ने कहा, “मेरे जीवन का एकमात्र उद्देश्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देना है। जनता जब भी कोई विषय मेरे संज्ञान में लाती है, तो मैं उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करता हूं।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, स्थानीय नागरिक और पार्षद उपस्थित रहे।



