प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 अक्टूबर 2025

रायपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने सोमवार को अपने क्षेत्र के 36 मेधावी छात्रों को ₹5,000-₹5,000 की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। यह कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डगनिया और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय में आयोजित किया गया।
डगनिया विद्यालय में विधायक मूणत ने स्वयं 12 छात्रों को चेक दिए, वहीं विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 24 छात्रों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मूणत ने इस अवसर पर कहा कि, “यदि बच्चों को छोटी उम्र में प्रोत्साहन मिले, तो वे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं। यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और मज़बूत करेगा।”
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय के विकास के लिए विधायक ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- सोलर पैनल की स्थापना: विद्यालय को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
- स्मार्ट क्लासरूम: हायर सेकेंडरी की सभी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
मूणत ने कहा कि, “शिक्षा में आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की मांग है। सरकार की कोशिश है कि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों जैसी सुविधाओं से लाभान्वित हों।”
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विधायक द्वारा की गई घोषणाओं पर सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।



