प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ के मोहला क्षेत्र के लिए गर्व की खबर आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहला में पहली बार सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया गया है। ग्राम गिधाली की गर्भवती महिला कुलेश्वरी पति अर्जुन का सी-सेक्शन स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक टीम ने पूरी तरह सुरक्षित रूप से किया। इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद बनकर, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. सीमा ठाकुर एवं डॉ. एस.आर. कोवाची की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

सीएचसी में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के बाद अब क्षेत्र की गर्भवती माताओं को प्रसव के लिए राजनांदगांव या निजी अस्पतालों तक नहीं जाना पड़ेगा। अब मोहला में ही सिजेरियन ऑपरेशन और आवश्यक जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और उच्च जोखिम वाले मामलों में भी समय पर उपचार मिल सकेगा।
ग्रामीण महिलाओं को अब औंधी से राजनांदगांव तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इस उपलब्धि से क्षेत्र की महिलाओं को समय पर सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिलेगी और मातृ मृत्यु दर में कमी आने की उम्मीद है।



