प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 14 अक्टूबर 2025
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सहयोग केंद्र में आम जनता की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस कार्यक्रम में लगभग 300 आवेदन सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे। सरगुजा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों के लोग बसों में सफर करके रायपुर आए और अपने आवेदन प्रस्तुत किए। ज्यादातर शिकायतें निर्माण कार्य से संबंधित थीं, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
नक्सलियों के आत्मसमर्पण के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास की राह पर लगातार अग्रसर है और प्रदेश को नक्सलमुक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बिजली, सड़क, पानी और शिक्षा क्षेत्रों में लगातार सुधारों की जानकारी भी दी।
बिहार चुनाव को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता एनडीए पर भरोसा जता रही है और इस बार भी वहां एनडीए की सरकार बड़ी बहुमत से बनेगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वे स्वयं बिहार में विभिन्न रैलियों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में जनता ने वास्तविक विकास देखा है और देश डबल इंजन की सरकार के फायदे महसूस कर रहा है।



