प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 07 अक्टूबर 2025 — स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आज रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित माध्यमिक शिक्षा मंडल परिसर में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्यालय कार्यालय भवन का भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “स्काउट एंड गाइड्स की स्थापना जिस भावना से हुई थी, वह भावना सदैव बनी रहनी चाहिए। स्काउट गाइड हमें अनुशासन, सेवा और आनंद के साथ जीवन जीना सिखाता है।”

मंत्री यादव ने आश्वासन दिया कि भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा और एक वर्ष के भीतर भवन तैयार कर लिया जाएगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने स्काउट एवं गाइड आंदोलन की उपयोगिता और युवा सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर की सचिव पुष्पा साहू, राज्य कोषाध्यक्ष मुरलीधर शर्मा और जी. स्वामी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन राज्य सचिव जितेंद्र कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त सरिता पांडे सहित विभिन्न जिलों से आए स्काउट-गाइड सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



