प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अमन, चैन और विकास लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की। शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कार्यालय के इन्द्रावती सभागार में बीजापुर और सुकमा जिले के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, समाज प्रमुखों, मांझी, चालकी, गायता, पुजारी और पटेलों से संवाद किया।

गृहमंत्री ने कहा कि “राज्य सरकार हर हाल में बस्तर को हिंसा मुक्त करने के लिए संकल्पित है। वर्षों से बस्तर के आदिवासी अंचल विकास से वंचित रहे हैं, लेकिन अब हम सबको मिलकर इसे शांति और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाना है।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री ने सशस्त्र नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए समयसीमा तय की है। इसी दिशा में राज्य सरकार की ‘पुनर्वास नीति 2025’ के तहत बड़ी संख्या में माओवादी संगठन छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
विजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों से आग्रह किया कि वे भटके हुए युवाओं को समाज में वापस लाने की पहल करें। उन्होंने कहा कि “जो माओवादी हथियार छोड़ देंगे, उनका लाल कालीन बिछाकर स्वागत किया जाएगा और उनके सुनहरे भविष्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। लेकिन जो नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ सुरक्षा बल सख्त कार्रवाई करेंगे।”
शर्मा ने जानकारी दी कि जगदलपुर में अब तक 210 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिनमें से 92 बीजापुर जिले के हैं। सभी पुनर्वास केंद्रों में रहकर कौशल प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने उनके परिवारों से आग्रह किया कि वे पुनर्वास केंद्र जाकर अपने परिजनों से मिलें ताकि उन्हें प्रोत्साहन मिले और अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिले।
गृहमंत्री ने बताया कि उन्होंने खुद पूर्वर्ती गांव जाकर नक्सल लीडर हिड़मा की वृद्ध माता से मुलाकात की और उनसे अपने पुत्र को हिंसा छोड़ने और समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर संबित मिश्रा, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा सहित जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, सरपंच, समाज प्रमुख और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





