प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 11 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने निवास कार्यालय में वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी और उनके परिवार से आत्मीय भेंट की। उन्होंने आकांक्षा को उनकी ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए शौर्य के प्रतीक के रूप में गदा भेंट की।

आकांक्षा ने हर्षपूर्वक बताया कि वे हनुमान जी की भक्त हैं और फाइनल मैच के दौरान खिलाड़ियों ने पूरी मैच में हनुमान चालीसा का पाठ किया था। उन्होंने बताया कि फाइनल में जब भारतीय टीम बैटिंग करने उतरी तो साथी खिलाड़ी राधा यादव और क्रांति गौड़ ने उन्हें एक छोटी गदा थमाई और कहा कि मैच के अंत तक इसे हाथ में रखो। “शायद वही विश्वास और भक्ति हमें जीत तक ले गई,” आकांक्षा ने कहा।
एम्स की नौकरी छोड़ चुना क्रिकेट का रास्ता
आकांक्षा ने बताया कि वे एम्स रायपुर में स्थायी नौकरी का अवसर छोड़कर भारतीय क्रिकेट टीम के साथ जुड़ीं। रायपुर मेडिकल कॉलेज से फिजियोथेरेपी में स्नातक और कटक से स्नातकोत्तर करने के बाद उन्होंने न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में काम किया। उसी दौरान फेसबुक पर अपनी ट्रेवलिंग और बकेट लिस्ट से जुड़ा एक पोस्ट साझा किया था, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। उनकी एक सीनियर ने उस पोस्ट के जरिए उन्हें छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम से जुड़ने का अवसर दिया। वहां से उनके कार्य की सराहना हुई और बीसीसीआई की नजर में आने के बाद उन्हें सीनियर भारतीय महिला टीम के साथ कार्यशाला में काम करने का मौका मिला।
महिलाओं के लिए प्रेरणादायी सफलता
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “खेल, शिक्षा या प्रशासन – हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। राज्य सरकार ने शासन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाया है।” उन्होंने कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी की सफलता प्रदेश की सभी बालिकाओं के लिए प्रेरणा है।
बस्तर ओलंपिक में शामिल होने का न्योता
शर्मा ने आकांक्षा को बस्तर ओलंपिक में शामिल होकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा, “बस्तर के युवा स्वाभाविक रूप से खेलकूद में कुशल हैं। बस्तर ओलंपिक से निकली प्रतिभाएं भविष्य में भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतेंगी।”
छत्तीसगढ़िया साग पर चर्चा
भेंट के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें भात और साग बहुत पसंद है। इस पर आकांक्षा ने मुस्कुराते हुए कहा, “यही तो हमारी छत्तीसगढ़िया पहचान है। रोज के भोजन में साग को शामिल करना जरूरी है।”
आकांक्षा ने कहा — “मुझे गर्व है कि मैं अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकी”
कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने आकांक्षा सत्यवंशी को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। आकांक्षा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे छत्तीसगढ़ की बेटी हैं और इस उपलब्धि में अपने प्रदेश का नाम रोशन कर सकीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और पति के सहयोग को दिया।





