प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 02 दिसंबर 2025

कबीरधाम जिले में डिजिटल शिक्षा को ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला विकासखंड के 08 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम का शुभारंभ किया। इससे पहले कवर्धा और सहसपुर लोहारा विकासखंड में भी स्मार्ट क्लासेज की शुरुआत हो चुकी है। अब बोड़ला ब्लॉक के स्कूल भी इस अत्याधुनिक सुविधा से जुड़ गए हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य डॉ. बीरेंद्र साहू, गंगाबाई लोकचंद साहू, नितेश अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र और ग्रामीण मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्मार्ट क्लासेज में 3डी एनीमेशन, ऑडियो-विजुअल कंटेंट और इंटरैक्टिव लर्निंग की मदद से बच्चों की पढ़ाई अधिक सरल और रोचक बनेगी।
उन्होंने बताया कि विज्ञान, गणित और भूगोल जैसे कठिन विषय अब एनिमेशन और वीडियो के ज़रिए अधिक स्पष्ट तरीके से समझाए जा सकेंगे। इससे छात्रों की बुनियादी समझ मजबूत होगी और जटिल कॉन्सेप्ट भी आसानी से समझ में आएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऑनलाइन कनेक्टिविटी के कारण विषय विशेषज्ञ एक साथ कई स्कूलों के छात्रों को पढ़ा सकेंगे। उन्होंने स्कूलों को निर्देश दिया कि विज्ञान, गणित, भूगोल और अन्य विषयों की पढ़ाई अधिक से अधिक स्मार्ट क्लास के माध्यम से कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने बच्चों के साथ बैठकर डिजिटल बोर्ड पर पादप कोशिका की संरचना और उसके अंगों का 3डी प्रदर्शन देखा।
उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऑडियो-वीडियो और 3डी मॉडल की मदद से कठिन विषय भी आसानी से याद होते हैं, इसलिए स्मार्ट क्लास का पूरा लाभ उठाएं।
कबीरधाम जिले के 50 हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं।
इनमें से कवर्धा, सहसपुर लोहारा और बोड़ला ब्लॉक के 34 स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज शुरू हो चुकी हैं, बाकी स्कूलों में भी यह सुविधा जल्द उपलब्ध होगी।
इस पहल से जिले के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मदद मिलेगी।
ऑनलाइन जुड़े आठों स्कूलों के छात्रों ने उपमुख्यमंत्री से बातचीत करते हुए बताया कि स्मार्ट क्लासेज के कारण विज्ञान और गणित जैसे विषयों को समझना अब आसान हो गया है।
बच्चों ने इस सुविधा के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
शर्मा ने सभी छात्रों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने और अपना लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल शिक्षा का यह विस्तार कबीरधाम जिले के लिए एक नई दिशा और नए अवसर लेकर आया है।





