सुंदरबनी, 3 दिसंबर 2025
राजौरी जिले के चन्नी पराट में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना घटी। इंद्रजीत कुमार पुत्र ठाकुर दास की पशुशाला में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी शेड को चपेट में ले लिया।

आग इतनी भयानक थी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
- 2 बकरियां
- 2 मेमने
- 1 बछड़ा
मौके पर ही जलकर राख हो गए।
वहीं 2 गायें गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है, क्योंकि इंद्रजीत का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है।
गांव के कमलेश कुमार, पंकज शर्मा, राजकुमार और अनिल खजूरिया ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा पशुशाला ढह गया। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने की वजह से नुकसान बढ़ गया।
तहसीलदार सुंदरबनी, दलजीत सिंह, घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार की जा रही है और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने के लिए फाइल जल्द भेजी जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तुरंत आर्थिक मदद देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार का सब कुछ जल गया है और जल्द राहत न मिली तो रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका—शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ से आग भड़की हो सकती है।





