7 Mar 2026, Sat

बिहार से राष्ट्रीय राजनीति तक बड़ी छलांग: नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, झारखंड में जश्न

धनबाद, 14 दिसंबर 2025

भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने के बाद धनबाद सहित पूरे झारखंड में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।

पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला नितिन नवीन की मजबूत संगठनात्मक क्षमता, सक्रिय नेतृत्व और लगातार बढ़ते राजनीतिक कद पर जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। वर्तमान में वे बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस नियुक्ति पर झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि नितिन नवीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने से भाजपा के युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संदेश मिला है। उनके नेतृत्व में देश का युवा वर्ग तेजी से भाजपा से जुड़ेगा।

झारखंड सरकार के मंत्री गणेश मिश्रा ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नितिन नवीन जमीन से जुड़े नेता हैं और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं। उनके कार्यकारी अध्यक्ष बनने से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

नितिन नवीन का राजनीतिक सफर भी खासा उल्लेखनीय रहा है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में जनता ने परिवार पर भरोसा जताते हुए नितिन नवीन को मौका दिया। यहीं से उनकी सक्रिय राजनीति की शुरुआत हुई। इसके बाद वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चार बार विधायक चुने गए। पथ निर्माण मंत्री के रूप में उन्होंने एक युवा, ऊर्जावान और कामकाजी नेता की पहचान बनाई है।

पढ़ें   CM विष्णु देव साय के निर्देश पर सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिले के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को नगद भुगतान : बैंकों की शाखाएं दूर होने की वजह से सहूलियत की दृष्टि से हाट-बाजारों में कैम्प लगाकर किया जाएगा नगद राशि का भुगतान

धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व युवाओं को आगे बढ़ाने और नए नेतृत्व को निखारने का काम करता है। नितिन नवीन की नियुक्ति इसी सोच की अगली कड़ी है।

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के दौरान नितिन नवीन चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रभारी भी रहे। इस दौरान उन्होंने धनबाद और बोकारो के नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी।

धनबाद जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष संजय झा ने भी इस फैसले को गर्व का विषय बताते हुए कहा कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय पद पर पहुंचने का असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। बिहार और झारखंड पड़ोसी राज्य हैं, ऐसे में उनका यह दायित्व दोनों राज्यों के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.