प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 29 दिसंबर 2025/

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में ग्रुप कमांडर के पद पर नियुक्त किया है। मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।
2013 बैच के अधिकारी जितेंद्र शुक्ला एनएसजी में सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसपी) स्तर पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देंगे।
22 सितंबर 1983 को जन्मे जितेंद्र शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। उन्होंने गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, इलाहाबाद से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और बाद में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और भूगोल में एमए की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।
2 सितंबर 2013 को उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) जॉइन की। प्रोबेशन अवधि के दौरान उनकी पोस्टिंग बिलासपुर में हुई और उन्होंने कोटा थाने में एसएचओ के रूप में भी कार्य किया। इसके बाद वे अंबिकापुर में सीएसपी और सुकमा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) रहे।
उन्होंने सुकमा, महासमुंद, कोरबा, राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में सेवाएं दी हैं।





