प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 05 जनवरी 2026

राजधानी रायपुर में एक बार फिर रईसजादों की लापरवाही ने एक आम युवक की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त कार खुद लक्की सिंह चला रहे थे।
घटना रात करीब 2 बजे अग्रसेन धाम के पास हुई, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा और सड़क पर तड़पता रहा।
बताया जा रहा है कि कार में लक्की सिंह के साथ दो युवक और दो युवतियां भी सवार थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि
“विधायक पुत्र लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उसके साथ मौजूद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या सत्ता से जुड़े लोगों के लिए कानून अलग होता है? राजधानी में हुए इस VIP हिट-एंड-रन ने आम लोगों की सुरक्षा और पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और पूरा शहर यह देख रहा है कि क्या इस बार कानून सच में बराबरी से लागू होगा या मामला भी रसूख की भेंट चढ़ जाएगा।





