कांकेर, 10 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में युक्तियुक्तकरण को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ी सख्ती दिखाई है। नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं करने वाले 38 अतिशेष शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जिनमें 29 महिला शिक्षक शामिल हैं। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा की गई है।

शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शिक्षकों की समुचित व्यवस्था और संतुलन के लिए युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया लागू की थी। इसके तहत कई शिक्षक अतिशेष घोषित किए गए थे और सभी को जुलाई 2025 तक नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग करने का आदेश दिया गया था।
लेकिन निर्देशों के बावजूद जनवरी 2026 तक 39 शिक्षकों ने ज्वाइनिंग नहीं की। विभाग ने कई बार नोटिस और निर्देश जारी किए, इसके बावजूद आदेश की अनदेखी की जाती रही।


लगातार चेतावनी के बाद भी जब शिक्षकों ने नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं किया, तो शिक्षा विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना माना और 38 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि अब शेष शिक्षक भी जल्द नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग करेंगे।
शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि
“सरकारी आदेशों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, खासकर जब वह छात्रों की पढ़ाई और स्कूल व्यवस्था से जुड़ी हो।”
यह कार्रवाई आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अतिशेष शिक्षकों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।





