6 Jun 2026, Sat
Breaking

केंद्रीय बजट 2026-27 पर सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा बयान: बोले- विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट, किसान-युवा-महिला-गरीब हर वर्ग को मिलेगा सीधा लाभ

प्रमोद कुमार

रायपुर, 01 फरवरी 2026


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को भारत के विकसित और समृद्ध भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’ को केंद्र में रखा गया है।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस बजट से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक के जरिए कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में युवाओं के रोजगार पर विशेष फोकस किया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। विदेश यात्रा और विदेशों में शिक्षा भी पहले की तुलना में सस्ती होगी।

पढ़ें   CG शराब घोटाला: चैतन्य बघेल की अग्रिम जमानत पर 19 सितंबर को होगी सुनवाई, ED ने दाखिल किया 7000 पन्नों का चालान

स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे कैंसर, डायबिटीज सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों का उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब बनाए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण को नई दिशा

लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा में उन्हें बड़ी सहायता मिलेगी।

उद्योग, शिक्षा और खेल को बढ़ावा

देश की आर्थिक मजबूती के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क और 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।

कर सुधार से आम जनता को राहत

आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।

अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा।


Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed