प्रमोद कुमार
रायपुर, 08 फरवरी 2026

केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि केन्द्रीय बजट नवाचार, समावेशी विकास और दीर्घकालिक सोच का सशक्त दस्तावेज है, जो विकसित भारत–2047 के विजन को साकार करने की ठोस आधारशिला रखता है। वे राजधानी रायपुर में एक दिवसीय प्रवास के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
मनोहर लाल ने कहा कि यह बजट अगले 25 वर्षों के लिए देश के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि पहली बार केन्द्रीय बजट कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है, जो शासन व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन और नई कार्यसंस्कृति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को सम्मिलित किए जाने से राज्यों को भविष्य में अधिक संसाधन और विकास के नए अवसर मिलेंगे। बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से बिजली, आवास, शहरी विकास और अधोसंरचना के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति होगी।
केंद्रीय मंत्री ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद संतोष पाण्डेय और बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





