प्रमोद कुमार

रायपुर, 10 फ़रवरी 2026
विकास शिक्षण संस्थान एवं मेडिशाइन हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डुमरतराई स्थित विकास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कुल 220 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में मेडिशाइन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अश्वनी मिश्रा एवं डॉ. अमृता वर्मा ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला ने कहा कि ऐसे जनोपयोगी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन समय-समय पर किए जाने से आम नागरिकों को एक ही मंच पर विभिन्न रोग विशेषज्ञों की सेवाएं प्राप्त होती हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
शिविर के दौरान ईसीजी, एक्स-रे, स्पाइरोमेट्री, यूरिक एसिड, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जाँचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। जाँच के उपरांत चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित सलाह, दवाइयां एवं जीवनशैली में सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। शिविर में आयुर्वेद एवं होमियोपैथी के चिकित्सक भी उपलब्ध रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को समय रहते स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान कर उचित उपचार के लिए प्रेरित करना है। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों, चिकित्सकीय टीम, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।





