प्रमोद कुमार
रायपुर, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से प्रारंभ हो गया है। सत्र 20 मार्च तक चलेगा और इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी।

अभिभाषण के बाद कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पर 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और 18 मार्च को इसके पारित होने की संभावना है।
बजट सत्र को लेकर विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं। इनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, नियम 139 के तहत एक अविलंबनीय लोक महत्व की सूचना, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं तथा 112 याचिकाएं भी सदन सचिवालय को प्राप्त हुई हैं।
सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को सदन में श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
राजनीतिक हलकों में बजट सत्र को लेकर खासा उत्साह है। सत्ता पक्ष जहां सरकार की उपलब्धियां गिनाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है।





