00135 मेगावाट की तापीय विद्युत इकाई का संचालन अब पूरी तरह महिला तकनीकी टीम करेगी, महिला दिवस 2026 से पहले बड़ा कदम00
रायपुर, 24 फरवरी 2026
भारत की प्रमुख एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी वेदांता एल्युमीनियम ने ओडिशा में औद्योगिक समावेशन की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए झारसुगुड़ा स्थित अपने मेगा प्लांट में राज्य की पहली पूर्णतः महिला पॉवर ऑपरेशंस टीम तैनात की है। यह टीम 135 मेगावाट की तापीय विद्युत उत्पादन इकाई का संपूर्ण संचालन संभालेगी।

महिला दिवस 2026 से पूर्व की गई यह घोषणा कंपनी की विविधतापूर्ण और समावेशी कार्यस्थल निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पहल भारत के खनन एवं धातु उद्योग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ओडिशा के झारसुगुड़ा में स्थित कंपनी के संयंत्र में कुल 3615 मेगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता स्थापित है, जिसमें 600 मेगावाट की चार इकाइयाँ और 135 मेगावाट की नौ इकाइयाँ शामिल हैं। अब इन 135 मेगावाट की इकाइयों में से एक का संचालन पूरी तरह महिला इंजीनियरों की टीम करेगी।
एल्युमीनियम स्मेल्टर्स के प्रभावी संचालन के लिए निरंतर और विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति अत्यंत आवश्यक होती है। ऐसे में पॉवर ऑपरेशंस, उत्पादन प्रक्रिया का केंद्रीय स्तंभ है।
व्यावसायिक भागीदार एनजीएसएल के साथ मिलकर शुरू की गई इस पहल के तहत डेस्क इंजीनियर, टर्बाइन ऑपरेटर, मिल ऑपरेटर, स्विचगियर ऑपरेटर जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में योग्य महिला इंजीनियरों की नियुक्ति की गई है। ये इंजीनियर इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल जैसी विभिन्न शाखाओं से संबंधित हैं।
चयनित टीम को छह माह का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें ऑन-साइट और कक्षा-आधारित प्रशिक्षण के साथ तकनीकी दक्षता, परिचालन प्रबंधन और नेतृत्व कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी के सीईओ राजीव कुमार ने कहा कि यह पहल दर्शाती है कि महिलाएँ अब केवल भारी उद्योग में कार्य नहीं कर रहीं, बल्कि नेतृत्व भी संभाल रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2030 तक 30% महिला भागीदारी का लक्ष्य तय किया गया है और कंपनी समावेशी औद्योगिक विकास के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ओडिशा आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, राज्य में महिला श्रम बल भागीदारी दर 2022 के 37.6% से बढ़कर 2024 में 48.7% हो गई है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
इसी सकारात्मक रुझान के अनुरूप, वेदांता एल्युमीनियम झारसुगुड़ा में पहले ही कई पहलें कर चुकी है, जिनमें भारत की पहली पूर्णतः महिला पॉटलाइन टीम, महिला लोकोमोटिव क्रू और ‘अग्निवाहिनी’ महिला अग्निशमन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम शामिल हैं। ‘श्री शक्ति’ पहल के माध्यम से कंपनी ओडिशा में रात्रि पाली में महिलाओं की नियुक्ति करने वाली अग्रणी कंपनियों में शामिल है।
कंपनी का कहना है कि लचीली कार्य व्यवस्था, ‘नो-क्वेश्चन-आस्क्ड’ वर्क-फ्रॉम-होम नीति और नेतृत्व विकास कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को करियर के हर चरण में सशक्त बनाया जा रहा है।



