प्रमोद कुमार
रायपुर, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रदेश में बढ़ती ड्रग तस्करी को लेकर हुई चर्चा के दौरान बहुचर्चित ड्रग पैडलर नव्या मलिक का नाम जोरदार तरीके से गूंजा। सदन में इस मुद्दे को लेकर तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आरोपियों की सूची में नव्या मलिक का नाम शामिल क्यों नहीं किया गया। उन्होंने पूछा कि जब मामला बहुचर्चित है तो फिर आधिकारिक जवाब में उसका उल्लेख क्यों नहीं है? क्या जानबूझकर नाम छिपाया गया है? यदि यह लापरवाही है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
सदन में दिए गए जवाब में संबंधित मंत्री ने कहा कि उन्हें इस संबंध में तत्काल जानकारी नहीं है, लेकिन मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग तस्करी के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस के कारण सदन का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया। विपक्ष ने पारदर्शिता और कड़ी कार्रवाई की मांग की, जबकि सरकार ने दावा किया कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद अब यह देखना होगा कि सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है और नव्या मलिक के नाम को लेकर उठे सवालों का क्या आधिकारिक जवाब सामने आता है।





