प्रमोद कुमार
रायपुर, 26 फरवरी 2026

महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सावरकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर सावरकर केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी विचारक, समाज सुधारक, ओजस्वी लेखक-कवि और प्रखर इतिहासकार भी थे। उन्होंने भारतीय स्वाधीनता संग्राम को नई वैचारिक दिशा दी और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए सावरकर का त्याग, संघर्ष और अदम्य साहस भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। कालापानी की कठोर यातनाओं के बावजूद उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण अडिग रहा। उनका संपूर्ण जीवन देशसेवा, आत्मबल और राष्ट्र गौरव का प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वीर सावरकर के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, राम गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





