सतीश शर्मा
रायपुर, 09 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बलौदाबाजार जिले की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रस्तावित सूची को औपचारिक मंजूरी दे दी है, जिसके बाद जिला स्तर पर संगठन को मजबूती देने की कवायद तेज हो गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, जिला अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे द्वारा भेजे गए नामों पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। इससे पहले कार्यकारिणी गठन में हो रही देरी को लेकर बैज ने नाराजगी भी जताई थी और जल्द सूची जारी करने के निर्देश दिए थे।


प्रदेश प्रभारी महामंत्री (संगठन व प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू ने आदेश जारी करते हुए सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल सूचना देने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।
नई टीम के गठन के साथ ही कांग्रेस ने आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी का लक्ष्य जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए जमीनी पकड़ को और प्रभावी बनाना है।



