सतीश शर्मा
रायपुर, 9 अप्रैल 2026 – रायपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला, जब कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और टंकराम वर्मा ने 850 श्रद्धालुओं के दल को विशेष ‘रामलला दर्शन’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। स्टेशन पर “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठी और तीर्थयात्रियों के चेहरों पर प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी स्पष्ट झलक रही थी।

तीर्थयात्रियों में पहली बार रामलला के दर्शन को लेकर गहरा उत्साह था। अधिकांश श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। मंत्री अग्रवाल ने व्यक्तिगत रूप से यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी यात्रा के अनुभव व सुविधाओं का जायजा लिया।
यह यात्रा न केवल अयोध्या में रामलला के दर्शन का अवसर देगी, बल्कि काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन का भी अनुभव कराएगी। राज्य सरकार ने आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के माध्यम से भोजन, आवास, चिकित्सा और भ्रमण जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंध किया है।
साय सरकार की ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 52 ट्रेनों के माध्यम से लगभग 44,200 श्रद्धालुओं ने इस पावन यात्रा का लाभ लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली ट्रेन के रूप में 850 श्रद्धालु रवाना हुए हैं, जिससे अब तक कुल 53 ट्रेनों में 45,050 श्रद्धालु इस यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं।
छत्तीसगढ़ को प्रभु श्रीराम का ननिहाल माना जाता है और यहां के लोग उन्हें “भांचा राम” कहकर संबोधित करते हैं, जो प्रदेशवासियों के भगवान श्रीराम के प्रति गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव को दर्शाता है। साय सरकार लगातार तीसरे वर्ष इस आस्था का सम्मान करते हुए श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पर्यटन मंडल के एमडी विवेक आचार्य, डीजीएम पूनम शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड एवं आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।



